उधौली (बाराबंकी)। भैंस चराने गये एक किशोर का शव नदी में मिला। पुलिस के मुताबिक जैदपुर थाना क्षेत्र के ग्राम ककरहा के निवासी रितेश (16) पुत्र राजकुमार यादव मंगलवार को दोपहर भैंस चराने के लिये निकला था। देर शाम तक जब वह घर नहीं लौटा तो परिवारीजनों ने आसपास उसकी तलाश की। काफी खोजबीन के बाद रितेश का कुछ पता नहीं चल सका। इसके बाद अहमदपुर पुलिस चौकी पर सूचना दी गयी। देर शाम गांव पहुंची पुलिस ने रितेश के कपड़े व चप्पल नदी किनारे से बरामद किये।
उसके बाद गोताखोरों को बुलाकर नदी में शव की तलाश की गयी। पर कुछ पता न चल सका। इस बीच बुधवार सुबह एक बार फिर गोताखोरों ने नदी में जाल फेंका तो रितेश का शव मिला।
चौकी प्रभारी सत्येन्द्र पांडेय ने बताया कि नदी में पानी कम था। भैंस नदी के दूसरी ओर चली गयी और उसको पकड़ने के लिये रितेश भी नदी में गया लेकिन पानी गहरा होने के चलते वह उसमें फंस गया, जिसके कारण उसकी मौत हो गयी। शव को पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया गया है।