सफेदाबाद(बाराबंकी)। घर के बाहर रखे छप्पर में आग लगने से जहां घरेलू सामान जल गया वहीं ट्रैक्टर, बाइक जल गई और एक किशोर भी लपटों की चपेट में आ गया। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस घटना में एक मवेशी की भी जलकर मौत हो गई है।
पुलिस के मुताबिक सतरिख थाना क्षेत्र के डल्लू खेड़ा गांव में बीते 26 अक्टूबर को गंगा राम के छप्पर में अज्ञात कारणों से अचानक आग लग गयी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग ने अपनी चपेट में एक ट्रैक्टर और एक बाइक को ले लिया। कुछ ही देर में दोनों वाहन जलकर राख हो गए। छप्पर के नीचे बंधा एक भैंस का बच्चा भी इसकी चपेट में आ गए जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गयी।
आग को बुझाने के लिए दौड़े गांव के ही सोनू (18)पुत्र रामकिशोर भी आग की चपेट में आ गया जिससे उसका हाथ झुलस गया। इस दौरान ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। लेकिन इस घटना में लाखों का नुकसान होना बताया जा रहा है। मौके पर पहुंची पुलिस व तहसील प्रशासन की टीम ने जांच की है।