बाराबंकी। डेंगू की चपेट में आकर पांच और लोग बीमार पड़ गए हैं। हालत गंभीर होने पर परिवारीजनों ने इन्हें उपचार के लिए निजी अस्पतालों में भर्ती कराया है। लेकिन स्वास्थ्य विभाग इन मामलों को जानने के बाद भी दबाने में लगा हुआ हैं और ऐसी किसी भी प्रकार की जानकारी से इंकार कर रहा है।
बदले मौसम के साथ ही डेंगू रोग भी तेजी से अपने पांव पसारने लगा है। इस रोग की चपेट में आकर लखपेडाबाग निवासी चन्द्र विजय सिंह को परिवारीजनों ने एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। परिवारीजनों का कहना है पिछले तीन चार दिनों से बुखार आ रहा था जांच में डेंगू की पुष्टि होने के बाद निजी अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। वहीं आवास विकास निवासी ज्योति तिवारी पुत्री रामसरन तिवारी की हालत गंभीर होने पर परिवारीजनों ने सोमवार को हिन्द अस्पताल में भर्ती कराया जांच में डेंगू की पुष्टि होने पर उसे भर्ती कर उपचार किया जा रहा है।
जहांगीराबाद प्रतिनिधि के अनुसार सदरुद्दीनपुर निवासी पप्पू जायसवाल, अरुण जायसवाल इनके पुत्र संजय और रंजीत जायसवाल पिछले कई दिनों से बुखार से पीड़ित चल रहे हैं। परिवारीजनों का कहना है कि निजी चिकित्सकों से उपचार कराया जा रहा था लेकिन हालत में सुधार नहीं होने पर सफेदाबाद स्थित हिन्द अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां जांच में डेंगू रोग की पुष्टि होने पर भर्ती कर उपचार किया जा रहा है। एक ही परिवार की तीन लोगों में डेंगू की पुष्टि के बाद परिवार के अन्य सदस्यों में हड़कंप मचा हुआ है। जबकि स्वास्थ्य विभाग पूरे मामले को दबाने में लगा हुआ है और कह रहा है कि उसे कोई जानकारी नहीं है।
बाक्स
अलग-अलग स्थानों पर पांच लोगों के डेंगू रोग की चपेट में आने की जानकारी नहीं है। यदि ऐसे है तो चिकित्सकों की टीम को मौके पर पर भेजकर जांच कराई जाएगी और लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कराकर दवाईयों का वितरण कराया जाएगा।
डॉ. राजाराम, एसीएमओ, नोडल अधिकारी संचारी रोग