बाराबंकी। रामनगर थाना क्षेत्र में घर से साइकिल लेकर निकले किशोर का शव संदिग्ध परिस्थितियों गांव के बाहर कुएं में पड़ा मिला। परिवारीजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
पुलिस के मुताबिक रामनगर थाना क्षेत्र के ग्राम हथोय्या निवासी विवेक (16) पुत्र देशराज बुधवार सुबह साइकिल लेकर शौच के लिए घर से गांव के बाहर गया था। काफी देर तक घर न लौटने पर परिवारीजनों ने खोजबीन शुरू की तो विवेक की साइकिल व चप्पल गांव के बाहर बने कुएं के पास पड़े मिले।
परिवारीजनों ने जब कुएं में खोज की तो विवेक का शव बरामद हुआ। कुएं में विवेक का शव मिलने से गांव में हड़कंप मच गया। जिसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। इंस्पेक्टर संजय मौर्य ने बताया कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।