बाराबंकी। राज्य अध्यापक पुरस्कार 2025 की चयन प्रक्रिया अब अंतिम पड़ाव पर पहुंच गई है। ऑनलाइन आवेदन और जिला स्तरीय छानबीन की कसौटी पर खरे उतरे बाराबंकी के शिक्षक अब राजधानी लखनऊ में अपनी काबिलियत का लोहा मनवाएंगे। शिक्षा निदेशक बेसिक अनिल भूषण चतुर्वेदी द्वारा जारी समय सारणी के मुताबिक, दावेदार शिक्षकों का प्रस्तुतीकरण व साक्षात्कार 14 अगस्त को दोपहर 01:00 बजे से बेसिक शिक्षा निदेशालय, निशातगंज लखनऊ में आयोजित किया जाएगा।
राज्य चयन समिति के सामने शिक्षकों को महज पांच मिनट का समय मिलेगा। इतने ही समय में उन्हें पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन (पीपीटी) के जरिये अपनी शिक्षण विधियों, नवाचारों, ऑडियो-विजुअल व आईसीटी के प्रयोग, छात्र नामांकन में वृद्धि और स्कूल के समग्र विकास में दिए योगदान का पूरा ब्योरा पेश करना होगा। समिति इन्हीं नवाचारों, टीएलएम, कठिन परिस्थितियों में छात्र नामांकन व ठहराव बढ़ाने के प्रयासों, सामुदायिक सहभागिता, दिव्यांग बच्चों की शिक्षा और राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा में छात्रों की सफलता जैसी उपलब्धियों के आधार पर अंक तय करेगी।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी नवीन कुमार पाठक ने बताया कि जिले से कुल छह शिक्षकों ने इस पुरस्कार के लिए आवेदन किया था, जिनमें से छानबीन के बाद तीन पात्र शिक्षकों का चयन कर राज्य स्तर पर भेजा गया है, जो इस इंटरव्यू में शामिल होंगे। पात्र शिक्षकों को 14 अगस्त को निदेशालय में पीपीटी के साथ उपस्थित होने के निर्देश दिया गया है। शिक्षक राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करें, इसके लिए उन्हें आवश्यक मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया है।