बाराबंकी। राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ उत्तर प्रदेश के आह्वान पर तीन दिवसीय आंदोलन के अंतिम दिन बृहस्पतिवार को बीएसए कार्यालय पर पदाधिकारियों समेत शिक्षकों ने उपवास रखकर धरना दिया। इस दौरान पदाधिकारियों व शिक्षकों ने कहा कि मांगें पूरी न हुईं तो धरना और गिरफ्तारी भी दी जाएगी।
धरने को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष सुनील कुमार ने कहा कि वे अपनी मांगों को पूरा कराने के लिए संकल्पबद्ध हैं। पुरानी पेंशन बहाली, राज्य कर्मियों की तरह कैशलेस चिकित्सा, बीमा, अर्जित अवकाश समेत सभी 22 मांगें जायज हैं। मांगें पूरी नहीं होने पर जुलाई में लखनऊ स्थित निदेशालय पर धरना तथा 13 सितंबर को विधानसभा के सामने गिरफ्तारी देंगे।
मातृशक्ति प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष पारूल शुक्ला ने कहा कि जिले की शिक्षिकाएं भी कंधे से कंधा मिलाकर संघर्ष के लिए तैयार हैं। संघर्ष समिति के अध्यक्ष डॉ. नरेंद्र प्रकाश मिश्रा ने कहा कि हम शिक्षण कार्य के अलावा कोई काम नहीं करेंगे। इस मौके पर महामंत्री संतोष वर्मा, अतुल दिवाकर, सहजराम वर्मा, नैमिष नारायण बाजपेई, गंगा शर्मा, अरुण वर्मा, पवन शंकर दीक्षित, रमाशंकर मौर्य, अनामिका वर्मा, इकबाल, विनय प्रताप सिंह, सूरज यादव, दिवाकर वर्मा, मंजुला, अंजली त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।