बाराबंकी। शादी समारोह में चिकन की ग्रेवी और चावल खाने से करीब 35 लोग फूड प्वाॅयजनिंग के शिकार हो गए। हालत बिगड़ने पर सभी को देर रात जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। बृहस्पतिवार को सेहत में सुधार होने पर सभी पीड़ितों की अस्पताल से छुट्टी कर दी गई।
नगर कोतवाली क्षेत्र के केवाडी मोहम्मदपुर मोहल्ला निवासी मो. गौस की पुत्री का बुधवार को निकाह था और दावत खाने के लिए काफी लोग आए थे। भोजन में चिकन, सालन, चावल और रोटी के अलावा अन्य सामग्री बनी थी, लेकिन ज्यादातर लोगों ने चिकन की ग्रेवी और चावल खूब खाया और इसके बाद घर चले गए। देर रात लोगों के पेट में दर्द शुरू हो गया और देखते ही देखते उल्टी-दस्त होने लगे।
हालत बिगड़ती देख सभी को एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया। इनमें समायरा, कयूम, अहद, रहमत, नूर हसन, मो. इरफान, इरशाद, सायरा बानो, साइफा, जोया, वहीं दलियानपुर निवासी किस्मतुल, मेराज, सबा बानो, आफताब, फलक, नियाज, सद्दाम, आफरीन, नर्गिस, हसनैन, अर्श, रुखसार बानो, यशीदा, अनीस, अलताफ, हारुन, अमीना, साइना, गुुलपुरवा निवासी आशा, सायरा बानो, तालिब, कश्मीरा, जैद, साइमा को इमरजेंसी में भर्ती कराया गया। इन पीड़ितों ने बताया कि हम लोगों ने चिकन की ग्रेवी के साथ चावल खाया था। इसके बाद हम लोगों की हालत बिगड़ गई।
सीएमएस डॉ. बृजेश कुमार ने बताया कि रात करीब 12 बजे फूड प्वाॅयजनिंग के शिकार हुए 35 लोगों को जिला अस्पताल की इमरजेंसी में लाया गया था, जिस पर सभी को भर्ती कराकर उपचार कराया गया। बृहस्पतिवार को हालत में सुधार होने पर सभी को डिस्चार्ज कर दिया गया है।