बाराबंकी। शहर के एक निजी स्कूल में पढ़ने वाली छात्राओं से छींटाकशी करने वाले शोहदों को शिक्षकों ने घेरकर दौड़ाया और दो को पुलिस के हवाले कर दिया। लखपेड़ाबाग के एक कॉलेज की छात्राएं रोज पैदल घर से स्कूल जाती हैं। शिक्षकों को शिकायत मिली थी कि कार सवार चार युवक अक्सर रास्ते में उनसे अभद्र इशारे करते हैं। इसे लेकर बृहस्पतिवार को पहले से बनाई गई योजना के अनुसार शिक्षक भी चुपके से छात्राओं के पीछे चलने लगे।
बड़ेल चौराहे पर जैसे ही कार सवार युवक पहुंचे, शिक्षकों ने उनका पीछा शुरू कर दिया। इस दौरान युवक भागने लगे। अफरातफरी में कार की चपेट में आकर दो लोग भी घायल हो गए। फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों का शांतिभंग में चालान किया है, जबकि दो अन्य की तलाश की जा रही है।