बाराबंकी। शहर के एक स्कूल में कक्षा दो के छात्र की पिटाई करने का आरोप शिक्षिका पर लगाया गया है। मामले की शिकायत पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की है।
शहर कोतवाल धर्मेंद्र सिंह रघुवंशी ने बताया कि ग्राम कोठी के रहने वाले विनोद सोनी ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया है कि उनका बेटा शहर में हाईवे किनारे स्थित एसडी कॉलेज में कक्षा दो का छात्र है। इनका आरोप है कि मंगलवार को बेटा स्कूल गया तो वहां पर वह बैग से अपना लंच बॉक्स नहीं निकाल सका।
इस दौरान यहां पहुंची शिक्षिका उबैदा ने जब बैग चेक किया तो लंच बॉक्स मिल गया। इससे नाराज शिक्षिका ने बच्चे की जमकर पिटाई कर दी। बच्चा जब घर पहुंचा तो इस बारे में परिवारीजनों को जानकारी हुई। इसके बाद मामले की शिकायत पुलिस से की गई।
आरोप है कि स्कूल प्रशासन ने सीसीटीवी फुटेज नष्ट कर दी है जिससे शिक्षिका के खिलाफ पुलिस कार्रवाई न कर सके। कोतवाल ने बताया कि शिक्षिका के खिलाफ बच्चे की पिटाई करने का केस दर्ज कर जांच की जा रही है।