बाराबंकी। पॉवर कार्पोरेशन ट्रांसफार्मरों पर टेल लेस फ्यूज यूनिट लगा रहा है। एलटी प्रोटेक्शन यूनिट के साथ ट्रांसफार्मरों की सुरक्षा को और पुख्ता किया जा रहा है। दावा है कि नई तकनीक की प्यूज यूनिट के बाद लोगों को फाल्ट और ट्रांसफार्मर फुंकने से होने वाली बिजली संकट की परेशानी से प्रभावी राहत मिलेगी।
विभाग को होने वाला नुकसान भी रुकेगा। इससे करीब तीन लाख आबादी को गर्मी में बिजली कटौती से राहत मिलेगी।
बाराबंकी डिवीजन के 452 ट्रांसफार्मरों को चिन्हित किया गया है, जिसमें अभी तक 148 ट्रांसफार्मरों पर टेल लेस फ्यूज यूनिट लग चुकी है। शेष ट्रांसफार्मरों पर कार्य किया जा रहा है। कई बार ट्रांसफार्मर ओवरलोडिंग और शॉर्ट सर्किट की वजह से फुंक जाते हैं। जिससे उपभोक्ताओं को काफी समय तक बिजली संकट से जूझना पड़ता है। खासकर गर्मियों में लोड बढ़ने से ट्रांसफार्मर फुंकने और खराब होने की समस्या बढ़ जाती है। इसी समस्या की निजात के लिए अब विभाग ट्रांसफार्मरों पर टेल लेस फ्यूज यूनिट लगा रहा है। इस सिस्टम के माध्यम से ट्रांसफार्मर में होने वाले फाल्ट और ट्रांसफार्मर को फुंकने से बचाया जा सकेगा।
अधिशासी अभियंता सुभाष चंद्र मौर्य ने बताया कि टेल लेस फ्यूज यूनिट एक सुरक्षा प्रणाली है जो ट्रांसफार्मर को फॉल्ट व अधिक लोड से बचाती है। इससे बिजली आपूर्ति बाधित होने की समस्या कम होगी। इसके अलावा छोटे 63 केवीए की क्षमता से कम ट्रांसफार्मरों पर एसएमसी बाक्स लगाए जा रहे हैं, जोे शार्ट सर्किट, ओवरलोडिंग से लोने वाले नुकसान से बचाएगा।
ओवरलोड से नहीं फुंकेगा ट्रांसफार्मर
गर्मी के मौसम में जब ट्रांसफार्मर पर जरूरत से ज्यादा भार आएगा तो यह यूनिट इसे नियंत्रित करने का काम करेगी। शार्ट सर्किट होने पर टेल लेस फ्यूज यूनिट ही प्रभावित होगी। अधिक भार बढ़ने पर टेलनेट फ्यूज यूनिट ट्रांसफार्मर को फुंकने से बचाएगा।