बाराबंकी। लखनऊ-अयाेध्या नेशनल हाईवे जल्द ही चमकता नजर आएगा। हाईवे को संवारने के लिए एनएचएआई को 260 करोड़ का बजट मिल गया है और 15 दिन में ही काम शुरू हो जाएगा। हाईवे की सतह पर जहां नई लेयर बिछेगी वहीं पार्किंग लेन बनेंगी। यह काम साल भर में पूरा होगा। एनएचएआई ने इसे लेकर युद्ध स्तर पर तैयारी शुरू कर दी है।
दरअसल, अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा से पहले ही लखनऊ-अयोध्या को संवारने का काम शुरू होना था। एनएचएआई ने इसका एस्टीमेंट भी तैयार कर लिया था मगर टेंडर में कुछ देरी होने के कारण काम शुरू नहीं हो सका। यह जरूर रहा कि एनएचएआई ने प्राण प्रतिष्ठा के मौके पर हाईवे का रंग रोगन करके रामभक्तों की राह आसान की। अब अयोध्या को लेकर हाईवे पर यातायात भी करीब डेढ़ गुना बढ़ गया है।
एनएचएआई के प्रोजेक्ट मैनेजर सद्दाम ने बताया कि हाईवे को नया बनाया जाएगा। इस पर 100 मिमी मोटी बिटुमिन रोड तैयार होगी। इससे वाहन फिसलेंगे नहीं। सर्वे के अनुसार हाईवे पर अतिरिक्त लेन व पार्किंग लेन भी विकसित किए जाएंगे। डिवाइडरों को सही किया जाएगा। पटरियां मतबूत होंगी। उन्होंने बताया कि इस काम के लिए 130-130 करोड़ के दो बजट मिले है। 15 दिनों में काम शुरू होने की उम्मीद है। हाईवे को संवारने में करीब एक साल लग सकता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि 2025 में लोग नए हाईवे पर सफर कर सकेंगे।
फ्लाईओवर बनाकर जोड़े जाएंगे दोनों हाईवे
बाराबंकी-बहराइच हाईवे व लखनऊ-अयोध्या हाईवे को शहर के निकट ही फ्लाईओवर बनाकर जोड़ा जाएगा। बाराबंकी-बहराइच हाईवे भी बाराबंकी में लखनऊ अयोध्या हाईवे से मिल जाता है। बहराइच, गोंडा, बलरामपुर आदि की ओर से आने वाले लोग लखनऊ-अयोध्या हाईवे से होकर लखनऊ पहुंचते हैं। दोनों हाईवे पर सफर करने वाले लोग रामनगर तिराहे से सड़क बदलकर एक दूसरे हाईवे पर पहुंच जाते हैं। इसे लेकर अक्सर जाम के हालात रहते है। डीएम सत्येंद्र कुमार ने एनएचएआई के अधिकारियों के साथ बैठक कर दोनों हाईवे को फ्लाईओवर से जोड़ने की योजना बनाई है। गोंडा रोड पर मंडी के आसपास से चौपुला की ओर यह फ्लाईओवर बनेगा।
फोरलेन होगा बहराइच हाईवे, रामनगर में बाईपास
बाराबंकी-बहराइच हाईवे को फोर लेन बनाने की योजना पर कई महीनों से काम चल रहा है। एनएचएआई ने इसका डीपीआर बनाना शुरू कर दिया है। इस हाईवे पर पड़ने वाले कस्बा रामनगर में बाईपास भी बनाया जाएगा। डीएम सत्येंद्र कुमार ने बृहस्पतिवार एनएचएआई व लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर हाईवे, सड़क व आवागमन को लेकर प्लानिंग की। एनएचएआई के प्रोजेक्ट मैनेजर सद्दाम ने बताया कि बाराबंकी से जरवल तक फोरलेन हाईवे का डीपीआर तैयार किया जा रहा है। वहीं, लोक निर्माण विभाग के प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता आरके राम ने बताया कि एनएचएआई द्वारा रामनगर में बाईपास के लिए प्रस्ताव दिया गया है। इससे कि लोगों को रामनगर कस्बे के अंदर जाने की जरूरत नहीं होगी।