हरख। स्थानीय संत कवि बाबा बैजनाथ राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में सड़क सुरक्षा माह के तहत रोड सेफ्टी क्लब के तत्वावधान में भाषण एवं नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
भाषण प्रतियोगिता का विषय सुरक्षित वाहन चालन में युवाओं की भूमिका रहा। वहीं नुक्कड़ नाटक के जरिए लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया। भाषण प्रतियोगिता में बीए की छात्रा सुयशी पांडेय ने प्रथम, सुधांशु सिंह द्वितीय, जिकरा बानों ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं नुक्कड़ नाटक में दिव्यांशी शर्मा की टीम जीती। दिव्यांसी की टीम में अंजली शर्मा, शिपाली व अंशिका वर्मा शामिल रहीं। दोनों ही प्रतियोगिताओं के निर्णायक मंडल में भौतिक विज्ञान विभाग प्रभारी डॉ. जय प्रकाश पटेल, गणित विभाग प्रभारी अखिलेश राय व हिन्दी विभाग प्रभारी डॉ. अजीत कुमार सिंह शामिल रहे।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर डॉ. राजेश कुमार चतुर्वेदी ने कहा कि सड़क सुरक्षा से जुड़ी जागरूकता मौजूदा समय में सबसे बड़ी आवश्यकता है। यातायात नियमों के प्रति लापरवाही के कारण प्रतिवर्ष अनेक अनमोल जीवन असमय ही काल के गाल में समा जाते हैं। संचालन रोड सेफ्टी क्लब प्रभारी डॉ. शिप्रा राय ने किया।