सिद्धौर। प्राथमिक विद्यालय दीनपनाह में छात्रा से शौचालय साफ कराने और झाड़ू लगवाने के मामले में बीएसए नवीन कुमार पाठक ने निलंबन के बाद अब विभागीय कार्रवाई तेज हो गई है।
डीएम ईशान प्रताप सिंह के निर्देश पर एसडीएम हैदरगढ़ अश्वनी सिंह और खंड शिक्षा अधिकारी सिद्धौर आराधना अवस्थी की जांच रिपोर्ट के आधार पर निलंबित की गईं प्रधानाध्यापिका श्रुति पटेल को बीआरसी सिद्वौर के कैसरगंज स्थित कार्यालय से संबद्ध कर दिया गया है।
मामले की निष्पक्ष और विस्तृत जांच के लिए अब बंकी ब्लॉक की खंड शिक्षा अधिकारी चंद्रशेखर यादव को जांच अधिकारी नामित किया गया है। तीन दिन पूर्व विद्यालय में छात्रा से सफाई कराने का वीडियो वायरल हुआ था। प्रशासनिक जांच के दौरान अधिकारियों ने छात्रा, उसके पिता, शिक्षामित्र और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के बयान दर्ज किए थे। जांच में सामने आया कि उक्त वीडियो आंगनबाड़ी सहायिका की ओर से बनाया गया था।
प्राथमिक जांच रिपोर्ट में दोषी पाए जाने पर बीएसए ने प्रधानाध्यापिका श्रुति पटेल को निलंबित कर दिया। अब बंकी बीईओ चंद्रेशेखर यादव पूरी जांच कर अंतिम रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को देंगे , जिसके आधार पर आगे की अनुशासनात्मक कार्रवाई तय होगी। बीएसए नवीन कुमार पाठक ने बताया कि शिक्षिका को निलंबित कर बीआरसी से संबद्ध कर दिया गया है। पूरे मामले की जांच बीईओ बंकी को सौंपी गई है।