सीएमओ कार्यालय के अधिकारियों की टीम ने बुधवार की सुबह सीएचसी घुंघटेर का निरीक्षण किया। निरीक्षण में सीएचसी अधीक्षक और चिकित्सकों समेत 21 कर्मचारी अनुपस्थित मिले। टीम ने उपस्थित पंजिका पर मौके से गायब मिले डॉक्टरों व कर्मचारियों की अनुपस्थित दर्ज कर दी है। मामले की रिपोर्ट सीएमओ को भेजी है।
मुख्य चिकित्साधिकारी के निर्देश पर बुधवार की सुबह करीब नौ बजे अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एससी धूसिया व डिप्टी सीएमओ डॉ. राजकुमार की टीम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घुंघटेर पहुंची। उच्चाधिकारियों को देेखते ही स्टॉफ में हड़कंप मच गया। डॉ. धूसिया व डॉ. राजकुमार ने जब सीएचसी पर उपस्थित पंजिका देखी तो लगभग पूरा स्टाफ अनुपस्थित मिला।
पूछताछ में स्टाफ के लोग अनुपस्थित स्टाफ के संबंध में कोई जानकारी नहीं दे सके। डॉ. एससी धूसिया ने बताया कि जो लोग अनुपस्थित पाए गए हैं, उन्हें रजिस्टर पर भी अनुपस्थित कर दिया है। मामले की रिपोर्ट मुख्य चिकित्साधिकारी को दी जाएगी।
ये मिले अनुपस्थित
अनुपस्थित लोगों में सीएचसी अधीक्षक डॉ. नरेंद्र सिंह यादव के अलावा डॉ. संतोष सिंह, डॉ. मनीष गुप्ता, डॉ. कैलिपर कनौजिया, डॉ. अनुज चौधरी, डॉ. बृजेश सिंह, डॉ. धीरज गुप्ता, डॉ. प्रवीण, डॉ. माज फारुकी, डॉ. सुप्रिया मिश्रा, डॉ. स्वर्णिमा वर्मा, डेंटल हाइजीशियन अतुल तिवारी, एचएस अशोक शुक्ल, वार्ड आया रूबी सिंह, वार्ड बॉय संजय सिंह, एमपीडब्ल्यू भानू प्रताप, कंप्यूटर ऑपरेटर विजय मौर्या व रवि सिंह, बीपीएम प्रीती मिश्रा, एचएस दयाशंकर यादव व एआरओ अवध राज यादव शामिल हैं।