तेज धूप के बीच गर्म हवाएं कहर बरपाने लगी हैं। तीखी धूप ने लोगों को झुलसाया तो रही सही कसर लू बन चुकी गर्म हवाओं ने पूरी कर दी। सारा दिन सूरज आसमान से आग जैसी गर्मी बरसाता रहा और लोग गर्मी से निजात पाने के लिए छांव का सहारा ढूढ़ते नजर आए। दिन भर चली गर्म हवाओं ने लोगों को खूब परेशान किया। तमाम उपायों के बावजूद लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिली।
पिछले कुछ दिनों पर गौर करें तो दिन का पारा लगातार बढ़ रहा है। जिसे दिन में चलने वाली हवाएं भी नहीं रोक पा रही हैं। सुबह से दोहपर होते होते लू और गर्म थपेड़ों की मार बढ़ती गई। जिसका असर सड़कों व मोहल्लों में देखने का मिला। लोग छाया ढूंढ़ते और गला तर करते नजर आए।
गर्मी के चलते लोग पसीने से तरबतर भी होते रहे। सूरज की किरण निकलने के साथ ही चटक धूप से गर्मी शुरू हो गई। शनिवार को आलम ये रहा कि दिन के ग्यारह बजते-बजते आसमान से निकली सूरज की किरणें आग सरीखी गर्मी बरसाने लगीं और गर्म हवाओं के थपेड़े सितम ढाने लगे।
तीखी धूप ने लोगों को झुलसाया तो रही सही कसर उमस ने पूरी कर दी। दोपहर होते-होते तेज धूप के कारण शहर में राह पर चलना दुश्वार हो गया और लोगों के हलक सूखने लगे। दिन में घरों व आफिसों मेें कूलर व एसी फुल पर चलते रहे।
आसमान से आग बरसती गर्मी से लोग बचने का प्रयास करते रहे। बाहर लोग पूरा शरीर ढंक कर निकले या फिर छाता उनके हाथों में दिखा। धूप ने पसीना बहाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। मौसम विभाग (कुमारगंज) के अनुसार अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान 26.0 डिग्री सेल्सियस व आर्द्रता अधिकतम 64 फीसद दर्ज की गई।
पांच दिन में इस प्रकार बढ़ा तापमान (डिग्री सेल्सियस में)
दिनांक अधिकतम न्यूनतम
30 मई 37.0 25.3
31 मई 37.0 25.8
01 जून 38.7 27.0
02 जून 41.0 27.0
03 जून 43.0 26.0
नहीं लगवाए गए प्याऊ
बीते वर्षों में समाजसेवियों द्वारा शहर के मुख्य चौराहों व बाजार में प्याऊ लगवाए जाते थे लेकिन इस बार समाजसेवियों ने हाथ नहीं बढ़ाए हैं। बस स्टेशन पर टंकी से गर्म पानी आ रहा था। बस स्टेशन के आसपास लोग पानी के लिए भटकते रहे। देवा तिराहे के पास राहगीर पानी की तलाश करते दिखाई दिए।
थम नहीं रहा डायरिया
गर्मी बढने के साथ-साथ डायरिया का भी प्रकोप बढ़ता जा रहा है। कई दिनों से हो रही गर्मी से जहां आम आदमी परेशान है। वहीं जिला अस्पताल में डायरिया के रोगियों की संख्या बढ़ रही है। शनिवार को उल्टी-दस्त से पीड़ित छह लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें रामेश्वरी (35), कलीम (30), राजनाथ यादव (32), आमिर (45), मानसी (10) व हाशिम बेगम (55) को परिवारीजनों ने भर्ती कराया है। जहां पर सभी का उपचार चल रहा है।
जिला चिकित्सालय के चिकित्सक डॉ. आईके चंदानी ने तेज धूप में शरीर ढंक कर और घर से पानी पीकर निकलने की सलाह दी है। कहा कि हीट स्ट्रोक से बचें और पहले का रखा हुआ खाना कदापि न खाएं। कृषि वैज्ञानिक जेपी सिंह ने मवेशियों को धूप से बचाने और छांव में बांधने की सलाह दी है। कहा कि मवेंशी के बांधे के स्थान को टाट से ढंक कर रखें और टाट पर पानी का छिड़काव करें।