बाराबंकी। सर्दी का प्रकोप जारी है। मंगलवार को सुबह घने कोहरे और गलन ने जनजीवन को प्रभावित किया। कोहरे के कारण सड़कों और मोहल्लों में सन्नाटा पसरा रहा, और वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई। हालांकि, दोपहर में धूप खिलने से कुछ राहत मिली, लेकिन ठंडी हवाओं ने शाम होते ही ठिठुरन बढ़ा दी।त्योहार का दिन होने के कारण लोग सुबह घरों में ही स्नान और खिचड़ी भोज तक सीमित रहे। दोपहर में धूप निकलने पर बाजारों में रौनक दिखी। हालांकि, पार्क और खेल के मैदान खाली नजर आए। ठंडी हवाओं और धीमी गति से चल रही शीतलहर ने जनजीवन को अधिक प्रभावित किया। खासकर बच्चों और बुजुर्गों को ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ा। स्कूल बंद होने के कारण बच्चे घरों में ही रहे। लोगों ने ठंड से बचने के लिए गर्म कपड़े और हीटर का सहारा लिया। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में सर्दी और बढ़ने की संभावना जताई है। मंगलवार को न्यूनतम तापमान 10 डिग्री और अधिकतम तापमान 23 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।