बाराबंकी। जिले के सभी राजकीय माध्यमिक विद्यालयों और शासकीय सहायता प्राप्त एवं वित्त विहीन माध्यमिक विद्यालयों में बुधवार को समर कैंप का रंगारंग शुभारंभ हुआ। इस दौरान छात्रों में उत्साह और रचनात्मक ऊर्जा देखने को मिली। पहले दिन योग, प्रार्थना, आत्मचिंतन एवं प्रेरक लेखन सहित विभिन्न खेलकूद गतिविधियों का आयोजन किया गया। जिसमें करीब एक हजार विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। डीआईओएस ओपी त्रिपाठी ने कहा कि समर कैंप का उद्देश्य विद्यार्थियों को अवकाश के दौरान रचनात्मक, शैक्षिक एवं सामाजिक गतिविधियों से जोड़कर उनके सर्वांगीण विकास में सहयोग देना है। समर कैंप में विज्ञान, पर्यावरण, कला, खेल, कौशल विकास एवं सामाजिक जागरूकता से जुड़ी गतिविधियां संचालित की जाएंगी।
समर कैंप के पहले दिन रस्साकशी, म्यूजिकल चेयर, दौड़, तथा रस्सी कूद जैसी गतिविधियां आयोजित की गईं। जिला समन्वयक अखिलेंद्र सिंह ने भी विभिन्न विद्यालयों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा बच्चों को प्रोत्साहित किया। जैदपुर स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज प्रधानाचार्य डॉ मंजू श्रीवास्तव के नेतृत्व में योगाभ्यास कराया गया। दहेज प्रथा पर नृत्य नाटिका प्रस्तुत कर छात्राओं ने सभी जागरूकता का संदेश देने के साथ ही मंत्रमुग्ध कर दिया। रस्साकशी तथा म्यूजिकल चेयर गेम से छात्राओं को उत्साह से भर दिया। फतेहपुर कस्बे के पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में डीआईओएस ने बच्चों के साथ निशानेबाजी ,शतरंज, कैरम, फेको और जीतो खेल तथा रस्साकसी आदि गतिविधियों में शामिल होकर बच्चों का उत्साहवर्धन किया।