बाराबंकी। सटोरियों की प्रताड़ना से परेशान एक युवक ने फांसी लगाकर जान दे दी। परिवारीजनों का आरोप आईपीएल मैच में सट्टेबाजी के दौरान युवक लाखों की नकदी हार गया। सट्टेबाज उसे पैसों के लिए प्रताड़ित कर रहे थे।
पुलिस के मुताबिक बड्डूपुर क्षेत्र के ग्राम झरसवां निवासी रंजीत मौर्या (26) पुत्र बलराम मौर्य का शव रविवार को घर के कमरे में फांसी के फंदे से लटका मिला। मृतक के पिता बलराम मौर्या रोडवेज में परिचालक के पद से सेवानिवृत्त हैं। उन्होंने बताया कि रंजीत खेती करता था। आरोप लगाया कि क्षेत्र के रहने वाले चार सट्टेबाजों ने उसके पुत्र को कुछ दिन पहले ब्याज पर पैसे देकर आईपीएल क्रिकेट मैच में सट्टा लगवाया था। सट्टे में वह काफी पैसा हार गया। सट्टेबाजार उधार दिए गए पैसों के ब्याज जोड़कर उसे मांग रहे थे। पैसों की वसूली के लिए कई बार रंजीत को जानमाल की धमकी भी दी थी। सट्टेबाजों की प्रताड़ना से रंजीत काफी परेशान था। गत दिनों उसने अपनी पत्नी के जेवरात बेचकर सटोरियों को रुपये भी दिए थे। इसके बावजूद रंजीत को प्रताड़ित किया जा रहा था। इससे परेशान होकर रंजीत ने रविवार सुबह घर में फांसी लगाकर जान दे दी। बड्डूपुर प्रभारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।