कुर्सी (बाराबंकी)। कुर्सी थाना क्षेत्र के बेना ताला गांव में एक नवविवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मंगलवार सुबह उसका शव घर के अंदर कमरे में फंदे से लटका मिला। ससुरालीजन आत्महत्या करने की बात कह रहे हैं जबकि मायके पक्ष ने हत्या का आरोप लगाया है। पति व सास पर दहेज हत्या का केस दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, बेना ताला गांव निवासी किरन (22) ने दो माह पहले गांव के ही गुलशन चौहान से प्रेम विवाह किया था। किरन के पिता ने युवक पर दुष्कर्म का केस दर्ज कराया था मगर कोर्ट में किरन ने युवक के पक्ष में ही बयान दिया था। इसके बाद उल्टे अपने पिता पर ही मारपीट का केेस दर्ज कराया था। मंगलवार सुबह किरन का शव कमरे के अंदर फंदे पर लटका मिला।
युवक ने बताया कि किरन ने आत्महत्या कर ली। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया। पिता पारस ने आरोप लगाया कि कोर्ट मैरिज करने के बाद उसकी पुत्री के हाथ का बना खाना गुलशन व उसकी मां नहीं खाती थी। वे लोग किरन से दुर्व्यवहार कर रहे थे।
दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगे थे। पिता ने आरोप लगाया कि बेटी की हत्या कर शव फंदे पर लटका दिया गया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि, पिता की तहरीर पति गुलशन व सास के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज किया गया है। पीएम रिपोर्ट का इंतजार है। मामले की जांच की जा रही है।
पेड़ से लटका मिली युवक की लाश
कोटवासड़क। रामसनेहीघाट कोतवाली क्षेत्र के थोरथिया गांव करीब स्थित ईंट-भट्ठे के पास एक युवक का शव पेड़ पर फंदे से लटका मिला। मंगलवार शाम इसकी सूचना से हड़कंप मच गया। मामले की जानकारी पर पुलिस पहुंची तो युवक की शिनाख्त गांव के ही निवासी राम किशोर गौतम (38) के रूप में हुई। वह मजदूरी करता था। युवक की मौत की खबर के बाद घर में कोहराम मच गया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। संवाद