रानीबाजार (बाराबंकी)। परिजनों के खेत जाने के बाद घर पर मौजूद एक किशोरी का शव फंदे से लटकता मिला। दोपहर में घर पहुंचे मृतका के भाई ने बहन के लटकते शव को देखकर परिजनों एवं पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मामला मसौली थाना क्षेत्र के गेंदोरा का है। यहां के निवासी दयाराम गौतम शनिवार की सुबह परिजनों के साथ खेत पर काम के लिए गये थे। घर पर उनकी पुत्री अंजू (17) अकेली थी। इस दौरान दोपहर 12 बजे तक घर से खेत पर खाना-पानी न पहुंचने पर मृतका का भाई महेश जब घर पहुंचा तो देखा अंदर अंजू का शव फंदे से लटकता मिला।
जिसकी खबर फैलते ही घर में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंचे चौकी प्रभारी त्रिलोकपुर ने शव को कब्जे में लेते हुए कार्रवाई की है। प्रभारी निरीक्षक विजेंद्र शर्मा ने बताया कि मृतका मनोरोगी बतायी जा रही हैं। पीएम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई होगी।