बाराबंकी। आज के युग में सोशल मीडिया का प्रयोग विद्यार्थियों द्वारा भी तेजी से किया जा रहा है। लेकिन ध्यान रहे... किसी को ट्रोल करने व कोई पोस्ट डालने के दौरान यह जरूर ध्यान दें कि इससे किसी की निजता तो नहीं भंग हो रही है। किसी व्यक्ति की छवि को नुकसान तो नहीं पहुंच रहा है। क्योंकि यह अपराध है। मंगलवार को शहर केे आवास विकास कॉलोनी में स्थित विद्यालय सेंट्रल एकेडमी में अमर उजाला द्वारा आयोजित पुलिस की पाठशाला कार्यक्रम में यह बात एसपी दिनेश कुमार सिंह ने कही।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक विक्रम आगा ने अमर उजाला अखबार व पुलिस की पाठशाला के आयोजन की जानकारी दी। इसके बाद एसपी दिनेश कुमार सिंह ने बच्चों को पुलिसिंग की जानकारी देनी प्रारंभ की। छात्राओं से कहा कि अगर उन्हे कोई परेशान करता है तो 1090, 112 व 1076 जैसे हेल्पलाइन पर काॅल करें। आपका नाम गोपनीय रहेगा। पुलिस छह सप्ताह तक उस मामले का फीडबैक लेगी।
कहा कि विद्यार्थी रास्ते में आते जाते अगर कोई अपराध देखते हैं तो पुलिस को गोपनीय सूचना देकर अपना कर्तव्य निभा सकते हैं। कोई घायल रास्ते में मिले तो तत्काल पुलिस को 112 नंबर पर काल कर बता दें। एसपी ने पुलिस विभाग के कांस्टेबल से लेकर एसपी के पद व वर्दी व स्टार से उनकी पहचान करने की जानकारी दी। साथ ही इन पदों पर नौकरी के लिए प्रक्रिया व योग्यता भी बताई। उन्होंने अंजान व्यक्ति से कभी भी ओटीपी शेयर न करने की बात कही। इस मौके पर बच्चों ने लोक सेवा आयोग के साक्षात्कार से लेकर पढ़ाई तक से जुड़ी जानकारी हासिल की। इस मौके पर प्रभारी प्रधानाचार्य मिथलेश मिश्रा, बैजनाथ मिश्रा, दलजीत कौर, संकल्प गोस्मावी, ममता मिश्रा आदि मौजूद रहे।