बाराबंकी। जिले के छात्र हाईटेक स्तर पर होने वाली ऑनलाइन पढ़ाई से किनारा करते नजर आ रहे हैं। ऑनलाइन एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) अवेयरनेस प्रोग्राम में हजारों की संख्या में रजिस्ट्रेशन दर्ज कराकर वाहवाही बटोरने वाले माध्यमिक स्कूलों की जमीनी हकीकत राज्य स्तर पर जारी रिपोर्ट में उजागर हुई है। पाठ्यक्रम में पंजीकृत हुए 10 हजार से अधिक विद्यार्थियों में से सिर्फ 152 छात्र ही 20 घंटे के ऑनलाइन कोर्स को पूरा कर सके। जिससे बाराबंकी जिला सूबे की रैंकिंग में फिसड्डी साबित होकर 17वें नंबर पर पहुंच गया है।
माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों को तकनीकी रूप से दक्ष बनाने के लिए 20 घंटे का ऑनलाइन एआई अवेयरनेस प्रोग्राम चलाया जा रहा है। जिले के राजकीय, सहायता प्राप्त और वित्तविहीन विद्यालयों के शिक्षकों की कसरत से 10,230 छात्र-छात्राओं का रजिस्ट्रेशन तो पोर्टल पर दर्ज हो गया, लेकिन कोर्स पूरा करने के नाम पर रफ्तार बेहद सुस्त निकली। राज्य परियोजना कार्यालय की अद्यतन रिपोर्ट के मुताबिक 10,230 नामांकित छात्रों में से महज 152 छात्र ही 20 घंटे का मॉड्यूल पूरा कर सर्टिफिकेट हासिल कर पाए हैं, जबकि 10,078 विद्यार्थियों ने पाठ्यक्रम को बीच में ही छोड़ दिया।
डीआईओएस अमिता सिंह ने बताया कि नामांकन के मुकाबले कोर्स पूरा करने वाले बच्चों की संख्या बेहद कम होना काफी निराशाजनक है। सभी ब्लॉक नोडल प्रधानाचार्यों को इसक लिए नियमित समीक्षा के निर्देश देते हुए ताकीद की गई है कि आगामी 10 सितंबर तक हर हाल में शत-प्रतिशत विद्यार्थियों को कोर्स पूरा कराना अनिवार्य है, लापरवाही मिलने पर जिम्मेदार शिक्षकों और प्रधानाचार्यों पर कार्रवाई तय होगी।