परीक्षा केंद्र के बाहर खड़े स्टूडेंट्स
- फोटो : अमर उजाला
बीए द्वितीय वर्ष का हिंदी प्रश्नपत्र आउट होने पर बुधवार को अवध विश्वविद्यालय प्रशासन ने पेपर निरस्त कर दिया। इससे जनपद के 40 केंद्रों पर परीक्षा देने पहुंचे लगभग 20 हजार स्टूडेंट्स को बैरंग लौटना पड़ा।
परीक्षा निरस्त होने पर जनेस्मा समेत कुछ अन्य कॉलेजों में परीक्षार्थियों ने जमकर हंगामा किया। शिक्षकों व केंद्र व्यवस्थापकों ने परीक्षार्थियों को किसी तरह से समझाकर मामला शांत कराया। निरस्त परीक्षा कब होगी? ये अभी तय नहीं हो सका है।
डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय फैजाबाद की स्नातक की मुख्य परीक्षा चल रही है। बुधवार को द्वितीय पाली में बीए द्वितीय वर्ष के हिंदी प्रथम प्रश्नपत्र की परीक्षा थी।
स्टूडेंट्स दोपहर में जब परीक्षा केंद्रों पर पहुंचे तो वहां गेट पर परीक्षा निरस्त होने का नोटिस चस्पा मिला। परीक्षा किन कारणों से निरस्त हुई? इसकी जानकारी नहीं मिलने पर जनेस्मा के गेट पर जमा सैकड़ों परीक्षार्थी भड़क गए और हंगामा करने लगे।
तेज धूप में परीक्षा दिए बिना ही लौट रहे परीक्षार्थियों में काफी आक्रोश दिखा। हालांकि केंद्रों पर शिक्षकों, केंद्राध्यक्षों व सुरक्षाकर्मियों ने परीक्षार्थियों को समझाकर शांत करा दिया।
उच्च शिक्षा से जुड़े सूत्रों की मानें तो जनपद के करीब 40 केंद्रों पर स्नातक की परीक्षाएं हो रही हैं। इन केंद्रों पर करीब 20 हजार परीक्षार्थी परीक्षा दे रहे हैं। सबसे अधिक करीब 13 सौ परीक्षार्थी केंद्र जवाहरलाल स्नातकोत्तर महाविद्यालय में हैं। परीक्षा निरस्त होने पर बुधवार को सभी केंद्रों पर गहमागहमी का माहौल रहा।