सफदरगंज (बाराबंकी)। छात्रवृत्ति के नाम पर वसूली करने पर छात्र भड़क गए और कॉलेज परिसर में जमकर हंगामा किया। इस दौरान वे हाईवे तक आ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने हंगामा कर रहे छात्रों को समझा कर शांत कराया।
सफदरगंज क्षेत्र स्थित सिटी कॉलेज फार्मेसी में वर्तमान में छात्रों की छात्रवृत्ति के लिए ऑनलाइन फीडिंग की जा रही है। आवेदन की अंतिम तिथि 15 मार्च है। आरोप है कि छात्रवृत्ति प्राप्त करने के लिए प्रत्येक छात्र से पांच-पांच हजार रुपये जमा कराए गए, लेकिन ऑनलाइन डेटा फीडिंग न होने से कॉलेज में पढ़ने वाले सैकड़ाें छात्र छात्रवृत्ति से वंचित रह सकते हैं।
डेटा फीडिंग न भेजे जाने के बारे में जब छात्र काॅलेज प्रबंधतंत्र से बात करते हैं तो उन्हें कुछ दिन के लिए निष्कासित कर दिया जाता है, जबकि छात्रवृत्ति रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि 15 मार्च ही है। छात्रों से यह भी कहा जाता है कि छात्रवृत्ति को लेकर ज्यादा हंगामा किया तो प्रैक्टिकल के नंबर काट दिए जाएंगे।
आरोप है कि जीएनएम प्रथम सेमेस्टर की एक छात्रा को अपमानित करते हुए हॉस्टल से निकाल दिया गया था, जिसका मुकदमा थाना सफदरगंज में दर्ज किया गया था। छात्रों का आरोप है कि कॉलेज प्रबंधतंत्र बच्चों के भविष्य को बनाने से ज्यादा उगाही पर ध्यान दे रहा है।
प्रबंधक ममता श्रीवास्तव ने ऐसी किसी भी प्रकार की जानकारी से इन्कार किया। इस बाबत थानाध्यक्ष अभिषेक तिवारी ने बताया कि कॉलेज के छात्रों की ओर से हंगामा करने व हाईवे तक पहुंचने की सूचना पर पुलिस को भेजा गया था, जिन्हें समझा कर मामले को शांत करा दिया गया है।