बाराबंकी। थाना टिकैतनगर इलाके में बुधवार सुबह ट्रैक्टर ट्राॅली की चपेट में आकर हाईस्कूल की परीक्षा देने जा रही छात्रा की मौत हो गई। हादसे में बाइक सवार चचेरे भाई-बहन घायल हो गए। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक को हिरासत में ले लिया है।
टिकैतनगर के शेखवापुर गांव की कामिनी (15) साइकिल से हाईस्कूल की परीक्षा देने टिकैतनगर स्थित बसंत क्रांति इंटर कॉलेज जा रही थीं। वहीं, उफरौली गांव निवासी अभिषेक (20) अपनी चचेरी बहन जानवी (15) को बाइक से परीक्षा दिलवाने जा रहे थे। उफरौली गांव के मुख्य मार्ग के मोड़ पर टेंट का सामान लाद कर आ रहे ट्रैक्टर ट्राॅली ने बाइक व साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कामिनी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक सवार अभिषेक व जानवी घायल हो गए। हादसा होते ही आसपास मौजूद ग्रामीण दौड़ पड़े। कुछ ही देर में पुलिस पहुंच गईं।
घायलों को सीएचसी टिकैतनगर भेजा गया। छात्रा की मौत की खबर घर में पहुंचते ही कोहराम मच गया। थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया गया है। कार्रवाई की जा रही है।
परिवार का सहारा बनना चाहती थी कामिनी
हादसे में जान गंवाने वाली छात्रा कामिनी के पिता की मौत पहले ही हो चुकी है। परिवार में मां के अलावा एक बहन व भाई है। भाई महानगर में रहकर नौकरी करता है और उसी से परिवार का भरण पोषण होता है। घटना के वक्त भी भाई नहीं था। कामिनी पढ़ लिखकर मां व बहन का सहारा बनना चाहती थी।