बाराबंकी। त्रिवेदीगंज ब्लॉक की ग्राम पंचायत सहावर के प्राथमिक विद्यालय देवगरपुर में सोमवार को कक्षा तीन के छात्र अंशू (8) को सांप ने काट लिया। दोपहर में बच्चे के बीमार हाेने की सूचना मिलने के बाद अंशू को लेकर परिजन सीएचसी पहुंचे, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। परिजनों का आरोप है कि स्कूल में दो शिक्षक नहीं थे।
एकमात्र शिक्षामित्र ड्यूटी पर थी पर उन्होंने ने भी तीन घंटे बाद सूचना दी। इसे लेकर परिजनों ने सीएचसी में हंगामा करते हुए प्रदर्शन किया। डीएम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एडीएम, एएसपी व बीएसए की टीम जांच के लिए गठित कर दी है।
पूरे बढ़ाइन गांव निवासी अशोक कुमार के दो पुत्र व एक पुत्री है। सबसे छोटा बेटा अंशू सोमवार को स्कूल ड्रेस में विद्यालय गया था। अशोक कुमार के अनुसार, स्कूल के छात्रों ने उन्हें बताया कि सुबह करीब 10 बजे अंशू को सांप ने काट लिया। अंशू ने शिक्षिका से बताया कि विद्यालय परिसर में ही शौचालय के पास सांप ने उसे काटा है।
इसके बावजूद उसे अस्पताल नहीं भेजा गया और न ही परिजनों को सूचना दी गई। दोपहर एक बजे जब अंशू बेहोश हो गया, तब विद्यालय से फोन कर उसके बीमार होने की सूचना दी गई। सीएचसी पहुंचने से पहले ही अंशू की मौत हो गई। सांप काटने की समय से जानकारी न देने पर आक्रोशित परिजनों ने सीएचसी के बाहर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। एसडीएम अश्विनी कुमार सिंह ने उनको समझाने का प्रयास किया लेकिन ग्रामीण शिक्षकों पर कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे।
करीब दो घंटे बाद डीएम ईशान प्रताप सिंह ने मामले की जांच के लिए एडीएम न्यायिक, एएसपी दक्षिणी और बीएसए की तीन सदस्यीय कमेटी गठित कर दी। एसडीएम ने डीएम के आदेश की प्रति ग्रामीणों को दिखाई, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ। पिता ने पुलिस को इसकी तहरीर भी है। हैदरगढ़ के एसएचओ अनिल कुमार पांडेय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
..............................
छात्र की मौत के बाद शुरू हुई सफाई
ग्रामीणों का आरोप है कि विद्यालय परिसर में लंबे समय से झाड़ियां उगी थीं और सफाईकर्मी नियमित रूप से नहीं आता था। ग्रामीणों के अनुसार विद्यालय में शिक्षक भी अक्सर अनुपस्थित रहते हैं। घटना के बाद ग्रामीणों के विरोध के बीच विद्यालय परिसर में झाड़ियों की सफाई शुरू करा दी गई।
अंशू की माैत के बाद विरोध प्रदर्शन करते परिजन व ग्रामीण। संवाद
अंशू की माैत के बाद विरोध प्रदर्शन करते परिजन व ग्रामीण। संवाद
अंशू की माैत के बाद विरोध प्रदर्शन करते परिजन व ग्रामीण। संवाद
अंशू की माैत के बाद विरोध प्रदर्शन करते परिजन व ग्रामीण। संवाद