जनेस्मा कॉलेज में एलएलबी की परीक्षा के दौरान अव्यवस्था पर भड़के छात्रों ने शुक्रवार को जमकर हंगामा किया और टेंट व कॉपियां तक फाड़ डालीं। परीक्षा शुरू होते ही करीब डेढ़ घंटे बाद तक चले हंगामे और बवाल के बाद अधिकारियों ने विश्वविद्यालय से बात करने के बाद परीक्षा निरस्त करने की घोषणा की तब जाकर मामला शांत हुआ। तोड़फोड़ व हंगामे के बीच दो छात्राएं विजय लक्ष्मी व सुरभि घायल भी हो गईं।
शुक्रवार को जिले के सात एलएलबी कॉलेज, दस बीबीए कॉलेज व चार बीसीए कॉलेज के 3826 परीक्षार्थियों की परीक्षा के लिए शहर के जनेस्मा कॉलेज को परीक्षा केंद्र बनाया गया था। इसमें अकेले एलएलबी के 3072 परीक्षार्थी थे जबकि अन्य परीक्षार्थी बीबीए व बीसीए के थे। कॉलेज में एक पाली में अधिकतम ढाई हजार परीक्षार्थियों की क्षमता है। ऐसे में कॉलेज प्रशासन ने कैंपस के रिक्त पड़े स्थल पर टेंट लगवाकर उसमें कुर्सी व मेज डलवा कर परीक्षा कराने का अस्थाई इंतजाम किया। यह परीक्षा दोपहर दो बजे से पांच बजे तक होनी थी। मगर, दो बजे तक परीक्षार्थियों को कॉलेज में प्रवेश न देने को लेकर परीक्षार्थियों ने हंगामा शुरू कर दिया।
आक्रोश देख आनन-फानन में कॉलेज का गेट परीक्षार्थियों के लिए खोल दिया। ऐसे में परीक्षार्थियों की गेट पर होने वाली चेकिंग भी नहीं हो पाई। एक साथ परीक्षार्थियों के कॉलेज में प्रवेश करने से अफरातफरी मच गई। हालात देख कॉलेज प्रशासन भी किनारे जाकर खड़ा हो गया। छात्रों को अपने परीक्षा कक्ष को तलाशने तक में काफी मशक्कत करनी पड़ी। ऐसे में टेंट व कुर्सी मेज देख परीक्षार्थी भड़क गए। करीब ढाई बजे उनको कॉपी मिली। इसके मिलते ही परीक्षार्थियों ने हंगामा शुरू कर दिया। छात्रों ने टेंट की कुर्सियां तोड़ी तो टेंट भी फाड़ डाले। हालात बेकाबू देख काफी संख्या में पुलिस बल बुलाया गया। कालेज के सचिव एसडीएम सदर अजय कुमार द्विवेदी व एएसपी उत्तरी दिगम्बर कुशवाहा भी मौके पर पहुंचे गए। कॉलेज के प्रभारी प्राचार्य ने छात्रों को समझाने का काफी प्रयास किया मगर वह नहीं माने।
काफी देर तक चले हंगामें के बीच कुछ छात्र बवाल बढ़ता देख कॉपी साथ लेकर निकल गए। वही अधिकांश छात्रों ने कॉपियां तक फाड़ दी। आखिरकार विश्वविद्यालय से परीक्षा कराने आए परीक्षा नियंत्रक उमानाथ सिंह व डिप्टी रजिस्टार विनय कुमार सिंह ने उपकुलपति से बात कर प्रशासनिक अधिकारियों से बात कराई। इसके बाद शुक्रवार की पूरी परीक्षा निरस्त कर दी गई। वहीं आगामी परीक्षाओं का भी कार्यक्रम भी स्थगित कर दिया गया।