होली के जुलूस में पथराव पर तनाव
- फोटो : अमर उजाला
होली के जुलूस में अराजक तत्वों द्वारा की गई पत्थरबाजी व एक धार्मिक स्थल के समीप रंग फेंकने के चलते दो पक्षों में तनाव व्याप्त हो गया। हालांकि पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद सभी को समझा-बुझाकर शांत करवाया है। मामले में एक पक्ष से दस लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
असंद्रा थाना क्षेत्र के नगर पंचायत सिद्धौर में सोमवार को होली का जुलूस परंपरागत तरीके से नगर के मुख्य मार्ग से गुजर रहा था। तभी कुछ अराजक तत्वों ने जुलूस में पत्थरबाजी कर दी। इस दौरान कुछ युवकों ने एक धार्मिक स्थल के पास रंग फेंकना शुरू कर दिया।
जिससे मामला और बिगड़ने की नौबत आ गई। इसके चलते जुलूस में भाग लेने वाले लोग भी उग्र हो गए लेकिन किसी अनहोनी होने से पहले ही सक्रिय पुलिस बल ने मौके की नजाकत भांपते हुए स्थिति संभाल ली।
जानकारी पर पहुंचे पुलिस अधीक्षक वैभव कृष्ण ने मौका-मुआयना कर अराजक तत्वों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए तथा पर्व को शांतिपूर्वक संपन्न करवाने के लिए पूरे कस्बे में पुलिस का रूट मार्च करवाकर लोगों को सुरक्षा का अहसास कराया।
एसपी ने बताया कि सिद्धौर में जिन लोगों ने माहौल खराब करने का प्रयास किया है उनको चिन्हित कर कार्रवाई की जा रही है। बताते चलें कि वर्ष 2015 में भी रक्षाबंधन पर यहां विवाद हुआ था। जिसके बाद कई दिनों तक अघोषित कर्फ्यू लगाया गया था।