बाराबंकी। तेज आंधी-तूफान व बारिश ने जिले भर में जमकर तबाही मचाई। कई स्थानों पर पेड़ व खंभे गिरने के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई और घंटों जाम लगा रहा। कई स्थानों पर पेड़ व टीन शेड गिरने के कारण वाहन भी क्षतिग्रस्त हुए। करीब 45 मिनट तक हुई मूसलाधार बारिश से शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक सड़कें डूब गईं।
देवा रोड पर आवागमन बाधित, दीवार और टिनशेड टूटे
शनिवार दोपहर अचानक आसमान में तेज बादल उमड़ आए और तेज आंधी के साथ बारिश शुरू हो गया। शहर में आनंद भवन स्कूल के पास बिजली का खंभा सड़क की ओर झुक गया। तार लटकने के कारण देवा रोड पर आवागमन बाधित हो गया। बाद में विद्युत कर्मियों ने तार कटवाकर आवागमन बहाल कराया। कलेक्ट्रट परिसर में कोषागार कार्यालय के पास आम का पेड़ गिरने से अधिवक्ता उत्तम श्रीवास्तव का टिनशेड क्षतिग्रस्त हो गया और यहां खड़ीं तीन बाइकें व एक कार भी क्षतिग्रस्त हो गई। शहर के पीरबटावन मोहल्ले में एक नवनिर्मित घर की दीवार अचानक भरभराकर ढह गई, हालांकि कोई हताहत नहीं हुआ। इसी मोहल्ले में पेड़ गिरने के कारण यातायात भी बाधित रहा। छाया चौराहा समेत कई स्थानों पर होर्डिंग भी उखड़कर गिर गईं।
आधा दर्जन मार्गों पर घंटों ठप रहा आवागमन
लखनऊ-अयोध्या नेशनल हाईवे समेत तमाम सड़कें व गलियां देखते ही देखते जलमग्न हो गईं। नाले उफनाने के कारण गंदा पानी सड़कों पर बहता रहा। पेड़ व खंभे गिरने से रामनगर-टिकैतनगर मार्ग पर रानी कटरा के पास, बाराबंकी-हैदरगढ़ मार्ग पर मंजीठा के पास, बाराबंकी-फतेहपुर मार्ग, लखनऊ-महमूदाबाद मार्ग पर क्यूएस महाविद्यालय के पास जाम की समस्या बनी रही। यहां आवागमन बहाल करने में कई घंटे लग गए।
मौसम की मार से आम की फसल को नुकसान
तेज आंधी के कारण आम के बागबानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है। अभी तक अच्छी फसल की आस लगाए बागबानों की करीब 20 से 30 प्रतिशत फसल गिर गई। मसौली, सफदरगंज समेत अन्य क्षेत्रों में आंधी के बाद बागबान टूटे फल को इकट्ठा करवाते नजर आए। अब कच्चे आम को औने-पौने दामों पर बेचना पड़ेगा।