बाराबंकी। आंधी-पानी ने भले ही गर्मी से राहत दे दी हो, लेकिन बिजली गुल होने से लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। चंदौली को आई मुख्य लाइन का तार टूटने से शहर की बिजली ठप रही। शाम छह बजे आपूर्ति बहाल हो सकी। आंधी के चलते कई स्थानों पर बिजली के खंभे क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे तार टूटकर मार्ग में बिखर गए। कई जगह टूटे तारों को शनिवार शाम तक दुरुस्त नहीं कराया जा सका था। इससे फतेहपुर, रामनगर, रामसनेहीघाट और हैदरगढ़ डिवीजन के करीब 1100 गावों के लगभग 14 लाख लोगों को दिक्कतें हुईं।
शनिवार दोपहर आई धूल भरी आंधी व बारिश से पेड़ और डाल गिरने से कई स्थानों पर खंभे टूट गए और बिजली आपूर्ति ठप हो गई। शहर क्षेत्र में ओबरी, नागेश्वरनाथ मंदिर के पास, पीरबटावन, बड़ेल, जेपीनगर, मसौली, भुंहेरा में खंभा व तार टूट गए। चदौली की मुख्य लाइन का तार टूटने से पूरे शहर की बिजली गुल हो गई। इससे करीब साढ़े तीन लाख आबादी प्रभावित रही। रामनगर क्षेत्र में त्रिलोकपुर, निजामपुर, अशोकपुर, नहामऊ, बेरिया, तेलियानी, मनभावनपुरवा, तिवारीपुरवा, चुरालिया समेत 250 गांवों की बिजली गुल रही। फतेहपुर क्षेत्र में बेलहरा मार्ग, पोखन्नी, इसरौली के पास पेड़ गिरने से खंभा व बिजली के तार टूट गए, जिससे ग्राम धमसड़, गंगौली, इसरौली, देवखरिया, हजरतपुर मल्लावा, कुर्सी, खिंजना बजगहनी, अकबरपुर, सैदर, खुज्झी, टिकैतगंज, बिसाई, मोहसंड, अनवारी, निंदूरा, बाबागंज, घुघंटेर समेत 300 गांवों की बिजली आपूर्ति ठप रही।
रामसनेहीघाट डिवीजन में लालूपूर, किठूरी, मऊगोरपुर में खंभा टूटने से तिवारीपुर, मऊगोरपुर, किठूरी, बहरेला, गडियनपुरवा, लालगंज, ठाकुरपुर, पहरूपुर, लालपुर, बड़ेला नरायनपुर, मूसेपुर, छंदवल, टिकैतनगर रामनगर रोड समेत 110 गांवों की बिजली गुल हो गई। सआदतगंज में छह व जकरिया में पांच खंभे क्षतिग्रस्त हो गए। हैदरगढ़ डिवीजन के अधिशासी अभियंता पीके गौतम ने बताया कि डिटेल मंगाई जा रही है। कई जगह बिजली के खंभे क्षतिग्रस्त हो गए, इससे करीब 240 गांव प्रभावित हैं। अधीक्षण अभियंता मनोज सोनकर ने बताया कि आंधी व पानी से बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई है। कर्मचारी कार्य में जुटे हैं। कई जगह बिजली आपूर्ति शुरू करा दी गई है। देर शाम तक सभी जगह आपूर्ति शुरू करा दी जाएगी।