फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Barabanki News: स्पोर्ट्स स्टेडियम 2-1 से चैंपियन

Mon, 31 Aug 2026 01:57 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बाराबंकी
विज्ञापन
जेब्रा पार्क में फुटबॉल प्रतियोगिता में अपना दम दिखाते ​खिलाड़ी। संवाद
विज्ञापन
बाराबंकी। राष्ट्रीय खेल दिवस पर हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती के उपलक्ष्य में शहर के पल्लरी चौराहा स्थित जेब्रा पार्क फुटबॉल मैदान पर जिला स्तरीय जूनियर बालक वर्ग की फुटबॉल प्रतियोगिता हुई। जिला खेल कार्यालय के तत्वावधान में हुई इस प्रतियोगिता के बेहद रोमांचक फाइनल मुकाबले में स्पोर्ट्स स्टेडियम बाराबंकी ने देवा फुटबॉल क्लब को 2-1 से हराकर खिताबी जीत दर्ज की और चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
विज्ञापन


दो दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता के पहले दिन शनिवार को दो नॉकआउट मुकाबले खेले गए। पहले मैच में विश्वकर्मा फुटबॉल क्लब और द क्रॉउन फुटबॉल क्लब के बीच जोरदार भिड़ंत हुई, जिसमें विश्वकर्मा फुटबॉल क्लब ने 1-0 से मुकाबला जीतकर अगले चक्र में प्रवेश किया।

वहीं दिन के दूसरे मुकाबले में सुभाष फुटबॉल क्लब ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए रिदा फुटबॉल क्लब को 2-0 से शिकस्त देकर अगले दौर में अपनी जगह पक्की की। दूसरे दिन रविवार को पहला सेमीफाइनल मैच देवा फुटबॉल क्लब और विश्वकर्मा फुटबॉल क्लब के मध्य खेला गया। इसमें देवा फुटबॉल क्लब 2-1 से जीत हासिल कर फाइनल में पहुंची।
विज्ञापन


दूसरे सेमीफाइनल में स्पोर्ट्स स्टेडियम बाराबंकी ने सुभाष फुटबॉल क्लब को 1-0 के अंतर से हराकर खिताबी मुकाबले में जगह पक्की की।

देवा फुटबॉल क्लब और स्पोर्ट्स स्टेडियम बाराबंकी के बीच बहुप्रतीक्षित फाइनल मुकाबला शुरू हुआ। खेल के 19वें मिनट में स्पोर्ट्स स्टेडियम के खिलाड़ी हमजा खान ने शानदार मैदानी गोल कर अपनी टीम को 1-0 की शुरुआती बढ़त दिला दी।

पिछड़ने के बाद देवा फुटबॉल क्लब के खिलाड़ियों ने आक्रामक प्रदर्शन किया। विपक्षी रक्षा पंक्ति को भेदते हुए खेल के 35वें मिनट में अभिज्ञान द्विवेदी के गोल की बदौलत अपनी टीम को 1-1 की बराबरी पर ला खड़ा किया, लेकिन निर्धारित समय समाप्त होने से कुछ ही क्षण पहले स्पोर्ट्स स्टेडियम के खिलाड़ी आर्यन सिंह ने एक और दर्शनीय गोल कर अपनी टीम को 2-1 से आगे कर दिया।

इसी के साथ स्पोर्ट्स स्टेडियम बाराबंकी की टीम 2-1 से विजयी होकर जूनियर फुटबॉल प्रतियोगिता की विजेता बनी। इस मौके पर जिला क्रीड़ा अधिकारी राकेश कुमार यादव, फुटबॉल संघ के अध्यक्ष मनजीत सिंह धामी, संयुक्त सचिव राजेश सिंह, क्रिकेट कोच मयंक त्रिवेदी, फुटबॉल प्रशिक्षक सज्जाद हुसैन, शैलेंद्र प्रताप सिंह, प्रभात सिंह और राकेश वर्मा आदि मौजूद रहे। विजेता व उपविजेता टीमों का उत्साहवर्धन किया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें