फतेहपुर सीएचसी का निरीक्षण करते सीएमओ डॉ. रंजन गौतम। -स्रोत : विभाग
फतेहपुर। पीएचसी कुर्सी का निरीक्षण करने पहुंचे सीएमओ डॉ. रंजन गौतम उस समय हैरत में पड़ गए जब मरीजों ने बताया कि डॉक्टर और फार्मासिस्ट के आने जाने का कोई समय निर्धारित नहीं है। इस पर नाराजगी जताते हुए अधीक्षक की ओर देख तो वह कोई सही जवाब नहीं दे पाए। इस पर सीएमओ ने चिकित्सक और फार्मासिस्ट से जवाब तलब किया है।
सीएमओ ने सबसे पहले सीएचसी फतेहपुर का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां के लेबर रूम और इमरजेंसी कक्ष की व्यवस्थाएं देखीं। लेबर रूम में रखे रजिस्टर में प्रतिदिन की जानकारी अपडेट नहीं मिली। इस पर उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को रजिस्टर नियमित रूप से अपडेट करने के निर्देश दिए।
इसके बाद सीएमओ पीएचसी कुर्सी पहुंचे। वहां उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं और दवा वितरण कक्ष का भी निरीक्षण किया। चिकित्सक नीलम और फार्मासिस्ट जगमोहन के समय से अस्पताल न पहुंचने की शिकायत पर कड़ी नाराजगी जताई।
उन्होंने सभी स्वास्थ्यकर्मियों को निर्धारित समय पर अस्पताल में उपस्थित रहने के निर्देश दिए। सीएमओ ने बताया कि पीएचसी में 24 घंटे इमरजेंसी सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। उन्होंने कहा कि इससे जरूरतमंद मरीजों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होगी।
चतुर्थ श्रेणी कर्मी की सेवा समाप्त करने का निर्देश
सीएमओ को बताया गया कि पीएचसी कुर्सी में आउटसोर्सिंग के माध्यम से तैनात चतुर्थ श्रेणी कर्मी शिवम पूरी तरह मनमानी करता है। कब आता है और कब चला जाता है, इसकी किसी को जानकारी नहीं है। इस पर सीएमओ ने इनकी सेवा समाप्त करने का निर्देश दिया है।