बाराबंकी में तेज रफ्तार वाहन ने साइकिल सवार को कुचल दिया। उसकी लाश सड़क पर क्षत विक्षत हालत में पड़ी मिली। वह जल चढ़ाकर मंदिर से घर लौट रहे थे। तभी हादसा हो गया।
यूपी के बाराबंकी में सोमवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हादसे में साइकिल सवार की मौके पर ही मौत हो गई। घटना से घर में चीख पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली।
विज्ञापन
हादसा रामसनेहीघाट कोतवाली क्षेत्र स्थित नारायण रेस्टोरेंट के पास हुआ। क्षेत्र के बकौली मजरा रानीमऊ निवासी अशोक कुमार (55) सुबह बुढ़वा बाबा तासीपुर मंदिर में जल चढ़ाने गए थे। वहां से साइकिल से घर लौट रहे थे। रेस्टोरेंट के पास तेज रफ्तार वाहन ने पीछे से उन्हें कुचल दिया।
इसके बाद आरोपी चालक गाड़ी लेकर फरार हो गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि शव क्षत-विक्षत हाल में मिला। स्थानीय लोगों ने देखा तो पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।