बाराबंकी। दिवाली का त्योहार अपनों के बीच मनाने की चाह हर किसी के मन में होती है, लेकिन कुछ बुजुर्गों के लिए वृद्धाश्रम ही उनका परिवार है। रविवार को सफेदाबाद स्थित मातृ-पितृ सदन वृद्धाश्रम में ऐसा ही भावुक नजारा देखने को मिला। एसपी रवीना त्यागी बुजुर्गों के बीच दीपावली की खुशियां बांटने पहुंचीं तो वहां रह रहीं बुजुर्ग महिलाओं ने उन्हें देखते ही गले लगा लिया।
विज्ञापन
किसी ने उनके सिर पर हाथ फेरा तो किसी ने दुलारते हुए प्यार से ''बिटिया रानी'' कहकर पुकारा। एसपी ने भी उन्हें गले लगाया और बड़े अपनत्व से उनका हालचाल पूछा। उनके चेहरों पर मुस्कान लाने के लिए मिठाई और उपहार भेंट किए। कुछ देर के लिए पुलिस अधिकारी और बुजुर्गों के बीच का औपचारिक रिश्ता मां-बेटी के स्नेह में बदल गया। बुजुर्ग महिलाओं ने एसपी को खूब आशीर्वाद दिया।