बाराबंकी। माती के तिलकपुरवा गांव में दिलीप रावत (37) पर मंगलवार दोपहर गांव के बाहर लाठी-डंडों से हमला कर दिया गया। परिजन गंभीर रूप से घायल दिलीप को निजी अस्पताल ले गए, जहां रात करीब 11 बजे इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के पीछे दिवाली की शाम जुए के लेनदेन को लेकर हुआ विवाद बताया जा रहा है।
ग्रामीणों के मुताबिक, दिवाली की शाम गांव के ही दिलीप रावत और प्रमोद यादव के बीच जुए में लेनदेन को लेकर विवाद हुआ था। इसी रंजिश में मंगलवार को जब दिलीप गांव के बाहर जा रहे थे, तभी आरोप है कि प्रमोद यादव और उसके कुछ अज्ञात साथियों ने उन्हें घेर लिया और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में दिलीप गंभीर रूप से घायल हो गए। देर रात अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
सीओ सिटी आफताब आलम ने बताया कि पुलिस गांव में मौजूद है। शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस आरोपों की जांच कर रही है। वहीं, रात करीब 11:45 बजे एसपी रवीना त्यागी ने बताया कि पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।