वरिष्ठ कांग्रेसी नेता व पूर्व केन्द्रीय मंत्री बेनीप्रसाद वर्मा ने कहा है कि राज्य सरकार के मंत्री, विधायक लूट-खसोट व भ्रष्टाचार को बढ़ावा दे रहे हैं। सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव खुद विधायकों, मंत्रियों को फटकार लगा चुके हैं लेकिन आज तक किसी के खिलाफ कार्रवाई नहीं की है। कहा कि हमने सपा के एमएलसी पद के उम्मीदवार को समर्थन दिया है, इसका तात्पर्य यह नहीं कि हम सपा में शामिल होने जा रहे हैं।
रविवार को भिटरिया में पत्रकारों से बातचीत करते हुए बेनी प्रसाद वर्मा ने कहा कि केंद्र में बैठी सरकार चुनाव के समय किए गए वादों को पूरा करके अच्छे दिन नहीं ला सकी है। देश के अंदर राष्ट्र विरोधी ताकतें पहले की अपेक्षा ज्यादा पैर फैला रही हैं। जेएनयू में लगाए गए राष्ट्र विरोधी नारों को कतई उचित नहीं कहा जा सकता। राष्ट्रहित के मामलों में राजनीति करना उचित नहीं है। पूर्व केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार के मंत्री, विधायक लूट-खसोट करके भ्रष्टाचार को बढ़ावा दे रहे हैं।