एनईआर रेलवे क्रॉसिंग के पास सड़क की चौड़ाई में दीवार खड़ी कर रास्ता बंद के विरोध में पुलिस व पब्लिक के बीच हुए पथराव के बाद दूसरे दिन रविवार को छोटी लाइन पर स्थिति तनावपूर्ण रही। लोगों द्वारा ढहाई गई दीवार का निर्माण तो दूर, शटरिंग तक उठाने कोई नहीं आया। निर्माण कार्य कराने वाला ठेकेदार भी वहां नहीं गया।
देवा रोड स्थित एनआर व एनईआर रेलवे क्रॉसिंगों पर ओवर ब्रिज निर्माण के बाद रेलवे द्वारा क्रासिंगों को बंद करने के लिए सड़क की चौड़ाई में दो दिन पूर्व दीवार उठाने का प्रयास किया गया था। पुलिस बल का प्रयोग कर नींव खुदवा कर शटरिंग आदि भी लगा दी गई। दीवार उठाने के रेलवे के अधिकारियों व प्रशासन के अड़ियल रवैये से हालात काफी बिगड़ गए थे। जिसका नतीजा रहा कि पहले कलेक्ट्रेट के सामने हाइवे पर पुलिस व पब्लिक आमने-सामने रही। इसके बाद छोटी लाइन के पास भी पुलिस व पब्लिक के बीच पथराव हुआ जिसमें कई लोग घायल हो गए। रविवार को छोटी लाइन पर सन्नाटा रहा।
देवा मार्ग रेलवे क्रॉसिंग के समीप दीवार बनाने के बाद शनिवार को हुए पुलिस व पब्लिक विवाद मामले में पुलिस ने वकील रितेश मिश्रा को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वकील को रविवार को कोर्ट में पेश किया जहां से उन्हें जेल बताते चलें कि इस मामले में पुलिस ने वकील रितेश समेत 28 नामजद व 40 से अधिक अज्ञात लोगों के खिलाफ विभिन्न संगीन धारा में रिपोर्ट दर्ज की है।