बाराबंकी। समाजवादी पार्टी नेे बुुधवार को नगर पालिका नवाबगंज से अधिकृत प्रत्याशी की घोषणा कर दी है। विधान सभा चुनाव के समय भाजपा का दामन छोड़ सपा में परिवार समेत शामिल हुए पूर्व मंत्री संग्राम सिंह के भाई की पत्नी व पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष शीला सिंह को प्रत्याशी बनाया गया है। साथ ही तीन नगर पंचायतों के अध्यक्ष पद पर भी प्रत्याशियों की घोषणा कर दी गई है। सदर विधायक धर्मराज सिंह उर्फ सुरेश यादव के कैंप कार्यालय पर आयोजित पत्रकार वार्ता में सपा जिलाध्यक्ष अयाज अहमद ने बताया कि नगर पालिका परिषद नवाबगंज से शीला सिंह को राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की सहमति व जिले के सभी नेेताओं की रजामंदी से अध्यक्ष पद का प्रत्याशी घोषित किया गया है। शीला सिंह पूर्व मंत्री संग्राम सिंह वर्मा के अनुज पूर्व ब्लॉक प्रमुख सुरेंद्र वर्मा की पत्नी हैं। वह समाजवादी पार्टी की सरकार में जिला पंचायत अध्यक्ष के पद पर काबिज रह चुकी हैं। उनके पति हरख के ब्लॉक प्रमुख रह चुुके हैं। बृहस्पतिवार को पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में शीला सिंह नामांकन दाखिल करेंगी।
बता दें कि नवाबगंज से अध्यक्ष पद के टिकट के लिए सदर विधायक के भाई धर्मेंद्र यादव की बहू भी प्रबल दावेदारी कर रहीं थीं। साथ ही जिला बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष नरेंद्र वर्मा अपनी पत्नी अन्नपूर्णा वर्मा के लिए टिकट मांग रहे थे। इस दौरान पूर्व ब्लॉक प्रमुख सुरेंद्र वर्मा, ताज बाबा राइन, प्रीतम वर्मा व वीरेंद्र प्रधान समेत अन्य तमाम कार्यकर्ता मौजूद रहे।
वहीं, शाम को जिलाध्यक्ष ने नगर पंचायत फतेहपुर से इरशाद अहमद कमर, बेलहरा से निवर्तमान अध्यक्ष कुरेशा बेगम की पुत्र वधूू शबाना खातून व सुबेहा से देवीदीन रावत को प्रत्याशी घोषित कर दिया है। सुबेहा में सीट अनुसूचित वर्ग के लिए आरक्षित होने के चलते सपा से निवर्तमान अध्यक्ष शहनाज की दावेदारी समाप्त हो गई थी।