बाराबंकी। श्री लोधेश्वर महादेवा कॉरिडोर सहित 542 करोड़ की परियोजनाओं को लोकार्पण व शिलान्यास करने सोमवार को बाराबंकी पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सपा और कांग्रेस को आड़े हाथों लिया। बोले, ये दोनों दल विरासत और विकास के धुर विरोधी हैं। गांव, गरीब, किसान और नौजवानों के विरोधी हैं। महिलाओं के तो जन्मजात विरोधी हैं।
सतर्क रहेंगे तो हमेशा सुरक्षित रहेंगे। इनसे कोई सटेगा तो खतरा उतना ही बढ़ेगा। इनसे सावधान और सतर्क रहकर बाराबंकी के विकास की प्रक्रिया को आगे बढ़ाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा सरकार में युवाओं की नौकरी पर सैफई सिंडिकेट का कब्जा था। नौकरी की नीलामी होती थी। अब नौजवान अपनी प्रतिभा के बल पर पुलिसकर्मी, एसडीएम, डिप्टी एसपी बन रहे हैं।
पहले गांव-गांव, शहर-शहर कट्टा और बम बनते थे। व्यापारियों को परेशान किया जाता था, लेकिन अब लखनऊ में ब्रम्होस मिसाइल बन रही है। एक बार जब इसे दागा जाता है तो पाकिस्तान से लेकर उसके आका तक सबकी नींद उड़ जाती है और सब बाप-बाप कहकर चिल्लाते हुए दिखाई देते हैं। ये है आज के भारत की ताकत।
आज डिफेंस मैन्यूफैक्चरिंग का एक नया केंद्र यूपी बन गया है। अब बेटी भी सुरक्षित है और व्यापारी भी सुरक्षित है। बड़े-बड़े निवेश आ रहे हैं। यूपी के नौजवानों को यूपी में ही काम मिल रहा है। लखनऊ में जेपीएनआईसी बिल्डिंग, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे और गोमती रिवर फ्रंट का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इन कामों में समाजवादियों ने डकैती की।
इन कामों में जो पैसा लगा वो सैफई घराने का नहीं बल्कि आमजनता का है। उन्होंने कहा कि सरकार किसी के साथ भेदभाव नहीं करेगी। प्रधानमंत्री के मंत्र सबका साथ सबका विकास को हमने धरा पर उतारा है। कोई उपद्रव करेगा, बेटी और व्यापारी की इज्जत के साथ खिलवाड़ करेगा तो उसके लिए दो ही जगह होंगी, जेल या जहन्नुम।