टिकैतनगर(बाराबंकी)। पंद्रह दिन पहले मुंबई से लौटे प्रवासी बेटे की उसके पिता ने ही गला काटकर हत्या कर दी। मामले की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने मृतक की मां की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर पिता को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक के शव को कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। घटना की सूचना पर एसपी अरविंद चतुर्वेदी सीओ पवन गौतम ने मौके पर पहुंचकर जांच की है।
पुलिस के मुताबिक वारदात थाना टिकैतनगर क्षेत्र के ग्राम सिकरी की है। यहां की निवासी आशिया बानो ने थाने पर तहरीर देकर आरोप लगाया है कि उसके पुत्र अफरुद्दीन(18) की उसके अपने पिता रहमान ने मंगलवार रात घर में सोते समय गला काट कर हत्या कर दी। आरोप लगाया है कि लगभग 15 दिन पूर्व ही बेटा मुंबई से वापस आया था चार-पांच दिन पहले ही उसके पिता उसे खेतों में काम करने के लिए कह रहे थे। साथ ही उससे पैसे मांग रहे थे लेकिन उसने पैसे ना देने के साथ ही क्वारंटीन का समय पूरा न होने की बात कहकर खेतों में जाने से मना कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। और वह दो-तीन दिनों से घर पर ना रहकर इधर-उधर रहता था।
मंगलवार की देर शाम वह घर के बगल रहने वाली अपनी चाची गुड़िया के बंगले में सो गया। देर रात उसकी गला काट कर हत्या कर दी गई। मां आशिया ने बताया की कई दिनों से उसके पिता उसको मारने की फिराक में थे मौका मिलते ही उसकी हत्या कर दी है। हालांकि कुछ ग्रामीणों का कहना है कि बेटा लगभग 15 दिन पहले ही 24 मई को वह गांव आया था तभी से दोनों के बीच तनातनी चल रही थी। फिलहाल पुलिस ने मां की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। एसपी डॉ अरविंद चतुर्वेदी ने मौके पर जाकर बुधवार को जांच की। एसपी ने बताया की मां की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया गया है सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है।