बाराबंकी। लखनऊ के डालीगंज इलाके में मंगलवार दोपहर सोलर पैनल लगाते समय तीसरी मंजिल पर काम कर रहे मैकेनिक का संतुलन बिगड़ा और वह सीधे जमीन पर आ गिरा। साथ में काम कर रहे पिता के सामने मैकेनिक की मौत हो गई। इस घटना से पीड़ित परिवार शोक में डूब गया है।
शहर कोतवाली के सरथरा गांव निवासी मनीष यादव (27) अपने पिता राजेंद्र प्रसाद के साथ सोलर पैनल लगाने का काम करते थे। मंगलवार को दोनों लखनऊ के डालीगंज स्थित एक मकान की तीसरी मंजिल पर सोलर पैनल फिट कर रहे थे। इसी दौरान अचानक मनीष का पैर फिसल गया और वह नीचे आ गिरा।
हादसे के बाद राजेंद्र प्रसाद बेटे को तत्काल पास के निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। बेटे की मौत से राजेंद्र बेसुध हो गए। किसी तरह मनोदशा सुधरने पर वह शव लेकर बाराबंकी स्थित घर पहुंचे। शहर कोतवाली पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।