बाराबंकी। मार्फीन, स्मैक व अफीम जैसे मादक पदार्थों की तस्करी करने के आरोपी मुनव्वर व मेराज की छह करोड़़ 77 लाख रुपये की संपत्ति शनिवार को पुलिस व प्रशासन की संयुक्त टीमों ने कुर्क कर दी। दोनों तस्करों के मकानों पर सरकारी ताले व जमीनों पर बोर्ड लगा दिए गए। इसमें 5.77 करोड़ की संपत्ति मुनव्वर की है।
पुलिस के अनुसार जैदपुर के राजा कटरा मोहल्ला निवासी मुनव्वर तस्कर गिरोह का सरगना है। इसने बीते 20-22 वर्षों में मादक पदार्थ की तस्करी से अकूत संपत्तियां बनाईं। मित्र व उनके परिजनों के नाम से संपत्ति ली गई, ताकि पुलिस को पता न चल सके। लेकिन पुलिस ने पांच करोड़ 77 लाख की संपत्ति चिह्नित कर ली थी। शनिवार को सीओ सदर सुमित त्रिपाठी की अगुवाई में टीम ने मुनव्वर के मित्र के नाम दर्ज सुरसंडा गांव में स्थित कांप्लेक्स व पल्हरी में मित्र सईद व उसकी पत्नी नसीम बानो व मुनव्वर की पत्नी मजहरी बानो के नाम दर्ज पांच दुकानें व जमीन कुर्क कर दी।
वहीं, जैदपुर थाना क्षेत्र के टिकरा उस्मा गांव निवासी मेराज राज्य स्तरीय मादक तस्कर सहीम उर्फ कासिम के गिरोह का सक्रिय सदस्य है। मेराज पर आठ मुकदमे दर्ज हैं। गैंगस्टर एक्ट में पुलिस ने उसकी संपत्ति चिह्नित की थी। शहर के बड़ेल में मेराज की मां के नाम दर्ज जमीन व जैदपुर के गोछौरा गांव में भाभी के नाम ली गई जमीन कुर्क कर दी गई। दोनों की कीमत करीब एक करोड़ 50 हजार है। सीओ सदर सुमित त्रिपाठी ने बताया कि मुनव्वर पर तीन मुकदमे दर्ज हैं।