जिला अस्पताल में दवा काउंटर पर लगी मरीजों की लंबी कतार। -संवाद
बाराबंकी। होली के बाद जिला अस्पताल में त्वचा संबंधी समस्याओं से जूझ रहे मरीजों की संख्या में भारी वृद्धि देखी जा रही है। रंगों से हुए इंफेक्शन के कारण लोग दाद, खाज, खुजली और चेहरे पर दाने निकलने जैसी परेशानियां लेकर अस्पताल पहुंच रहे हैं।
बुधवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में 1650 मरीज देखे गए। इनमें से लगभग 160 मरीज त्वचा संबंधी दिक्कतों से परेशान रहे। ज्यादातर मरीज होली के दौरान इस्तेमाल किए गए हानिकारक रंगों की वजह से त्वचा संबंधी समस्या लेकर अस्पताल पहुंच रहे हैं।
चर्म एवं त्वचा रोग विभाग के डॉ. एसपी यादव ने बताया कि रासायनिक रंग से त्वचा पर एलर्जी और फंगल इन्फेक्शन हो सकता है जिससे खुजली, दाने और रैशेज हो जाते हैं। उन्होंने बताया कि त्वचा को साफ और सूखा रखें। हल्के मॉइस्चराइजर और क्रीम का उपयोग करें, यदि समस्या बढ़े तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।
डॉक्टर ने मरीजों को त्वचा संबंधी रोगों से छुटकारा पाने के घरेलू उपाय बताए। कहा कि हल्दी, एलोवेरा, नारियल तेल और नीम का उपयोग त्वचा के संक्रमण को कम करने में मदद करता है। इसके अलावा प्रभावित स्थान को साफ पानी से धोना और साबुन का कम से कम उपयोग करना फायदेमंद रहता है।