रामनगर। क्षेत्र के एक गांव से 26 दिन से लापता 18 वर्षीय युवती के कंकाल के टुकड़े बृहस्पतिवार देर शाम तीन किलोमीटर दूर धान के खेत में मिले। पास में मिले कपड़ों के आधार पर पिता ने उसकी पहचान अपनी बेटी के रूप में की। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने कंकाल के अवशेष पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। पहचान की पुष्टि के लिए डीएनए जांच कराई जाएगी।
पुलिस के अनुसार, युवती 16 अक्तूबर से लापता थी। घर से 15 हजार रुपये और सोने के जेवर भी गायब थे। पिता ने अगले दिन रामनगर कोतवाली में अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बृहस्पतिवार शाम एक सरकारी विद्यालय से करीब 200 मीटर और आबादी से लगभग 300 मीटर दूर धान के खेत में बच्चों ने कंकाल देखा। पास में कपड़े भी पड़े थे। इसकी जानकारी पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने फील्ड यूनिट के साथ मौके की जांच कर साक्ष्य जुटाए। वहां पहुंचे पिता ने काले लोअर के आधार पर कंकाल की पहचान बेटी के रूप में की। रामनगर के कोतवाल अरुण प्रताप सिंह ने बताया कि कंकाल के टुकड़े करीब 200 मीटर के दायरे में अलग-अलग जगह पड़े मिले हैं। आशंका है कि जंगली जानवर उन्हें खींचकर इधर-उधर ले गए हों। पहचान की पुष्टि के लिए डीएनए जांच भी कराई जाएगी।
सीओ गरिमा पंत ने बताया कि कंकाल पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। एसपी विवेक तिवारी ने बताया कि युवती की उम्र 18 साल थी।
____
शक के आधार पर हुई थी पूछताछ
युवती के लापता होने के बाद पुलिस ने उसकी तलाश की। पिता ने जिन लोगों पर शक जताया उन्हें भी हिरासत में लेकर पूछताछ की गई मगर किसी की भूमिका स्पष्ट रूप से सामने नहीं आने पर उन्हें छोड़ दिया गया था।
______
मामले की जांच के लिए क्राइम ब्रांच समेत तीन टीम में गठित कर दी गई है। पुलिस हर संभावित पहलू पर जांच कर रही है। आसपास लगे सभी सीसीटीवी कैमरा की रिकॉर्डिंग भी देखी जा रही है।
- रवीना त्यागी, एसपी