बाराबंकी। परिवहन विभाग द्वारा एक से 15 जुलाई तक चलाए जा रहे विशेष सघन चेकिंग अभियान के तहत मंगलवार को रामसनेहीघाट क्षेत्र में वाहनों की जांच की गई। इस दौरान एक अनफिट स्कूली वाहन के साथ ओवरलोडिंग में पांच भारी वाहनों को सीज करने के साथ आठ अन्य का चालान किया गया। इनमें पांच स्कूली वाहन भी हैं।
एआरटीओ प्रशासन अंकिता शुक्ला व यात्री-मालकर अधिकारी रविचंद्र त्यागी की संयुक्त प्रवर्तन टीम ने थाना रामसनेहीघाट क्षेत्र में जांच के दौरान स्कूली वाहन को अनफिट पाए जाने पर सीज कर दिया गया। साथ ही अन्य नियमों के उल्लंघन में पांच स्कूली वाहनों के चालान भी काटे। टीम ने इसके अतिरिक्त पांच ओवरलोड मालवाहक वाहनों को सीज किया, जो निर्धारित क्षमता से अधिक सामान ढो रहे थे।
वहीं तीन डग्गामार बसों के खिलाफ भी चालान की कार्रवाई की गई। इन सभी वाहनों पर कुल 72 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। एआरटीओ प्रशासन अंकिता शुक्ला ने बताया कि बिना फिटनेस प्रमाणपत्र, तय मानकों से अधिक भार और नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि है, इसलिए स्कूली वाहनों की विशेष जांच चलती रहेगी। (संवाद)