बाराबंकी। दिवाली पर सड़क हादसों ने कई परिवारों में मातम का माहौल पैदा कर दिया। मसौली, कोठी, बड्डूपुर व कुर्सी थाना क्षेत्रों में हुई सड़क दुर्घटनाओं दंपति व उनकी पुत्री समेत छह लोगों की मौत हो गई। सोमवार से बुधवार तक हुई इन सभी घटनाओं का कारण तेज रफ्तार बनी।
पहला हादसा बड्डूपुर कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार को छुट्टा मवेशियों के कारण हुआ। लखनऊ जिले के गुडंबा थाना क्षेत्र के सीताविहार कॉलोनी, जानकीपुरम निवासी अवधेश दीक्षित (60) पुत्र सौरभ (21) के साथ बाइक से अपने घर वापस जा रहे थे। इस दौरान लखनऊ-महमूदाबाद रोड पर बुढ़ाना भट्ठे के पास अचानक छुट्टा मवेशियों के झुंड आने से बाइक एक मवेशी में टकरा गई। हादसे के बाद पुलिस ने घायल पिता-पुत्र को घुंघटेर सीएचसी पहुंचाया। जहां अवधेश की मौत हो गई।
सौरभ हेलमेट लगाए था। इसी प्रकार मसौली थाना क्षेत्र में सोमवार की देर रात गोण्डा-बहराइच हाईवे पर दुर्घटना में दंपति की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, बहराइच जिले के थाना पखरपुर के ग्राम खाजीपुरवा निवासी सुखलाल (35) अपनी पत्नी गुड़िया (33) व चार वर्षीय पुत्री सोनाली के साथ दीपावली के मौके पर लखनऊ से घर वापस जा रहे थे।
इस दौरान मसौली थाना क्षेत्र में एक ढाबे के निकट सामने से आ रहे तेज रफ्तार मालवाहन ने स्कूटी में टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी के परखच्चे उड़ गये। गंभीर रूप से घायल तीनों लोगों को पुलिस ने जिला अस्पताल भेजवाया। जहां डॉक्टर ने सुखलाल व गुड़िया को मृत घोषित कर दिया। बच्ची सोनाली को लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया जहां उसकी भी मौत हो गई। बहराइच से आए परिजन जिला अस्पताल से पोस्टमार्टम हाउस तक रोते बिलखते रहे।
तीसरी दुर्घटना कोठी थाना क्षेत्र में सोमवार को हुई। इलिचपुर गांव निवासी नौमीलाल (26) लोनीकटरा के कोलवा गांव में रहने वाली अपनी बहन के यहां बाइक जा रहा था। इस दौरान उसे अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। सूचना पर पहुंचे परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर जा रहे थे मगर रास्ते में मौत हो गई। नौमीलाल हेलमेट तो लिए था मगर लगाए नहीं था।
चौथी दुर्घटना कुर्सी थाना क्षेत्र में हुई। सोमवार को ओदार गांव निवासी मुकेश सिंह (22) बाइक द्वारा निंदूरा से वापस अपने गांव जा रहा था। इस दौरान माता बजरा भवानी मोड़ के पास सामने से आ रही दूसरी बाइक से आमने सामने भिड़ंत हो गई। इस हादसे में बाइक पर सवार दो युवक भाग खड़े हुए। मुकेश को सीएचसी देवा से जिला अस्पताल भेजा गया। जहां मौत हो गई। युवक हेलमेट नहीं लगाए था।