बाराबंकी। जिले में अलग-अलग जगहों पर तीन युवकों समेत चार लोगों के शव फंदे पर लटके पाए गए। सोमवार से बुधवार के बीच कोठी, घुंघटेर, कुर्सी व रामनगर थाना क्षेत्रों में हुई इन घटनाओं के बाद परिवारीजनों में कोहराम मचा रहा। मृतकों में दो के पत्नी के मायके चले जाने से आहत होकर खुदकुशी की बात कही जा रही है। पुलिस सभी को प्रथमृदृष्टया आत्महत्या बताकर पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की बात कह रही है।
पहली घटना घुंघटेर थाना क्षेत्र के ग्राम सिंगतारी गांव की है। बुधवार सुबह इस गांव के निवासी सोहन की पत्नी कलावती (65) का शव घर पर रखे छप्पर में साड़ी के फंदे से लटकता पाया गया। पुलिस के अनुसार, पारिवारिक कलह में महिला द्वारा आत्महत्या किए जाने की बात सामने आ रही है। दूसरी घटना रामनगर थाना क्षेत्र के तेलियानी गांव में हुई।
इस गांव के चंपत के पुत्र हंसराज (28) का शव बुधवार सुबह उसके मकान के ही एक कमरे में छत में लगे कुंडे से लटका पाया गया। युवक दिव्यांग था। थाना प्रभारी रामनगर ने बताया कि युवक शराब पीने का आदी था। तीसरी घटना कुर्सी थाना क्षेत्र की है। अल्लीपुर मजरे गुग्गौर गांव निवासी रघुनंदन के पुत्र संगम गौतम (25) का शव मंगलवार को घर में छत पर लगे कुंडे से लटकता पाया गया। पुलिस के अनुसार, करवाचौथ में पत्नी के मायके चले जाने के बाद से युवक आहत था।
चौथा मामला कोठी थाना क्षेत्र का है। अमसेरुवा गांव निवासी नरेंद्र कुमार (21) का शव सोमवार सुबह उसके कमरे में छत से लटकता पाया गया। नरेंद्र का एक साल पहले विवाह हुआ था। कुछ महीने पहले पारिवारिक विवाद के कारण पत्नी मायके में चली गई थी। मौके पर पहुंची पुलिस को कमरे से एक सुुुसाइड नोट भी मिला इसमें युवक ने घर वालों को परेशान नहीं किए जाने की बात कहते हुए पत्नी के कारण खुदकुशी करने की बात कही है। थाना प्रभारी ने बताया कि पीएम रिपोर्ट का इंतजार है।