बाराबंकी। शहर कोतवाली क्षेत्र के बदनपुरवा गांव के पास युवक की हत्या कर कुएं में शव फेंके जाने की घटना का खुलासा बुधवार को पुलिस ने कर दिया। मामले में जो लोग नामजद किए गए थे उनका इस हत्याकांड से दूर तक नाता नहीं मिला। दरअसल मेले में कुर्सी पर बैठने को लेकर हुए विवाद में युवक की हत्या की गई थी। इस मामले में छह लोग गिरफ्तार किए गए हैं।
पुलिस लाइन सभागार में बुधवार को पत्रकार वार्ता में एएसपी पूर्णेंदु सिंह ने बताया कि 15 अक्तूबर की रात आलापुर निवासी नसीर कुुुरैशी की बदनपुरवा गांव के पास हत्या कर शव कुएं में फेंक दिया गया था। नसीर ने 10 साल पहले गैर धर्म की युवती से विवाह किया था। नसीर के परिजनों ने युवती के पिता व अन्य परिजनों पर हत्या की आशंका का केस दर्ज कराया था।
एसपी ने हत्या के खुलासे के लिए स्वाट व सर्विलांस टीम को भी लगाया था। पुलिस टीम ने मैनुअल इंटेलीजेंस व डिजिटल डाटा के माध्यम से साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने हत्या को अंजाम देने वाले भठुहरा गांव के देशराज यादव व सुनील कुमार, बदनपुरवा के शिवकुमार उर्फ टेनी, असमाबाद के पवन कुमार, भट्ठा का पुरवा के जगेसर व बरगरहा के झब्बू यादव को गिरफ्तार किया है।
इन लोगों ने बताया कि पीर बाबा की मजार पर लगे मेले में हो रहे कार्यक्रम को देखने के दौरान बैठने के लिए कुर्सियां नहीं मिल रही थीं। प्रधान के माध्यम से दो कुर्सियां मंगाई गईं मगर नसीर ने दबंगई करते हुए दोनों कुर्सियां कब्जा ली थीं। इससे पहले भी नसीर व उनके दोस्तों पर दबंगई की जाती थी।
पुलिस के अनुसार, सभी छह आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से मेले से लौट रहे नसीर को बदनपुरवा गांव के पास रोक लिया। उसके दो साथियों को वहां से भगा दिया और फिर डंडों से मारकर नसीर की हत्या कर शव कुएं में फेंक दिया। दोनों डंडे भी बरामद हो गए हैं।