गौरीगंज स्थित जूते की दुकान में लगी आग
अमेठी सिटी। गौरीगंज के रोहड़ी मजरे सराय भगमानी गांव निवासी मनोज कुमार मिश्र की वलीपुर वार्ड नंबर 24 में टांडा-बांदा हाईवे किनारे स्थित जूते-चप्पल की दुकान में बुधवार देर शाम बिजली के शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। अग्निकांड में दुकान में रखा जूते-चप्पल समेत करीब 15 लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया।
मनोज कुमार मिश्र बुधवार शाम दुकान बंद कर घर चले गए थे। रात करीब आठ बजे दुकान के बिजली मीटर में शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई। दुकान से धुआं उठता देखकर पड़ोसियों ने मनोज को जानकारी दी।
वह मौके पर पहुंचे तो दुकान से आग की लपटें निकल रही थीं। कुछ ही देर में आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें देखकर आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। लोगों ने अपने स्तर से आग बुझाने का प्रयास किया, मगर आग तेजी से फैलती चली गई।
इसके बाद गौरीगंज पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। दुकान में रखे जूते, चप्पल और अन्य सामान जलने से मनोज को करीब 15 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
आग फैलने से आसपास की दुकानों और प्रतिष्ठानों को भी खतरा पैदा हो गया था। दमकल कर्मियों की तत्परता से आग को आसपास की दुकानों तक पहुंचने से रोक लिया गया। सीओ अखिलेश वर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दुकान में बिजली के शॉर्ट सर्किट से आग लगी थी। दमकल टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया।