बाराबंकी। टिकैतनगर क्षेत्र के एक गांव में पेट दर्द की शिकायत लेकर डॉक्टर के पास पहुंची किशोरी के छह माह की गर्भवती होने का खुलासा होने से परिजनों के होश उड़ गए। पूछताछ में किशोरी ने गांव के ही एक दुकानदार पर शारीरिक शोषण करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार किशोरी पिछले कई दिनों से पेट दर्द से परेशान थी। परिजनों ने इसे सामान्य बीमारी समझकर उपचार कराया, लेकिन आराम न मिलने पर बृहस्पतिवार को उसे डॉक्टर के पास ले जाया गया। जांच के दौरान डॉक्टर ने बताया कि किशोरी करीब छह माह की गर्भवती है। यह जानकारी मिलते ही परिजन स्तब्ध रह गए।
पूछताछ करने पर किशोरी ने बताया कि गांव का एक दुकानदार सुरेश उसे बहला-फुसलाकर अपनी दुकान पर बुलाता था और वहां उसका शारीरिक शोषण करता था। आरोपी लगातार धमकी देता था कि यदि उसने किसी को इस बारे में बताया तो वह उसकी हत्या कर देगा। डर और सामाजिक बदनामी की आशंका के चलते वह अब तक चुप रही।
शुक्रवार को परिजन एसपी के पास पहुंचे। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए। टिकैतनगर के थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि पीड़िता के बयान, मेडिकल परीक्षण और अन्य साक्ष्यों के आधार पर विधिक कार्रवाई की जा रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है और मामले की गहन जांच की जा रही है।